माफिया अतीक के बेटे अबान की हादसे में मौ/त: जेल से आए भाइयों ने रोते हुए दी अंतिम विदाई

प्रयागराज: माफिया और पूर्व सांसद दिवंगत अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे अबान अहमद के शव को बीते शनिवार शाम भारी पुलिस बल की मौजूदगी में कसारी-मसारी कब्रिस्तान में दफना दिया गया। पुलिस ने बताया कि शाम करीब 6 बजे अबान के बड़े भाई उमर और अली को पुलिस अभिरक्षा में यहां लाया गया, जिसके जनाजा निकला और कसारी-मसारी कब्रिस्तान में उसके शव को दफनाया गया। अबान के जनाजे में शामिल होने के लिए उसके 2 भाइयों को शुक्रवार को इलाहाबाद उच्च न्यायालय से सशर्त पैरोल मिली थी। अली झांसी जेल में और उमर लखनऊ जेल में कैद था।

न्यायमूर्ति अजय भनोट और न्यायमूर्ति दिवेश चंद्र सामंत ने अतीक अहमद की बहन परवीन कुरैशी की याचिका पर सुनवाई करते हुए उमर व अली को अबान के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए सशर्त पैरोल दी थी। पुलिस ने बताया कि अबान के जनाजे में भारी संख्या में लोग शामिल हुए और कुछ लोगों ने पुलिस अवरोधकों को तोड़ने का प्रयास किया हालांकि हल्का बल प्रयोग कर उन्हें संभाला गया।

झांसी जिले में गुरुवार को एक सड़क हादसे में अबान और उसके दोस्त सोनू की मौत हो गई थी जबकि कार सवार 3 अन्य लोग घायल हो गए थे। घायलों को शुक्रवार रात झांसी के अस्पताल से लाकर प्रयागराज में भर्ती कराया गया। शुक्रवार सुबह अबान का शव हटवा गांव स्थित उसकी बुआ परवीन कुरैशी के घर लाया गया। अबान का शव अतीक अहमद की कब्र के पास ही दफनाया गया है। इसी कब्रिस्तान में अतीक के भाई अशरफ और बेटे असद की भी कब्र है।

सड़क दुर्घटना का शिकार हुए अबान और उसके एक साथी के शव लेकर देर रात उनके परिजन झांसी से प्रयागराज के लिए रवाना हुए थे और शुक्रवार सुबह यहां पहुंचे थे। अबान अहमद अपने कुछ साथियों के साथ झांसी जेल में बंद भाई से मिलने जा रहा था कि तभी रास्ते में पुंछ थाना क्षेत्र में झांसी-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर उसकी तेज रफ्तार एसयूवी कार बेकाबू होकर एक डिवाइडर से टकराकर पलट गई। इस हादसे में अबान अहमद (21) और उसके दोस्त सोनू (25) की मौत हो गई थी। इसके अलावा कार सवार आजम, मोहम्मद जावेद और उमर घायल हुए। अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ की 15 अप्रैल 2023 को 3 लोगों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com