ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन ने बुधवार को राष्ट्र के नाम दिए संबोधन में कई बड़ी बात कही और दुश्मनों को कड़ा संदेश भी दिया। साथ ही उन्होंने देश के नए सुप्रीम लीडर और लोगों की एकजुटता की भी तारीफ की।
पेजेशकियन ने कहा कि दुश्मन ताकतों ने युद्ध, प्रतिबंधों और राजनीतिक दबाव के जरिए इस्लामिक रिपब्लिक को अस्थिर कर सीरिया जैसा हाल करने की कोशिश की थी, लेकिन ईरानी लोगों की एकता और नए सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई के नेतृत्व के कारण ये साजिशें नाकाम हो गईं।
इस्लामिक रिपब्लिक को गिराने की कोशिश
राष्ट्रपति पेजेशकियन ने कहा कि दुश्मनों ने इस्लामिक रिपब्लिक को गिराने की कोशिश की, लेकिन देश के नए लीडर ने ईरान को एकजुट और मजबूत बनाए रखा। दुश्मनों ने युद्धों और प्रतिबंधों के जरिए ईरान का हाल भी सीरिया जैसा करने की कोशिश की।
उन्होंने आगे कहा कि दुश्मनों के खिलाफ मजबूती से खड़े होने में ईरानियों के बीच एकता मुख्य कारक है। ईरान के विरोधी देश में आजादी या तरक्की के किसी भी संकेत का विरोध करते हैं।
नए सुप्रीम लीडर की तारीफ की
उन्होंने इस्लामिक क्रांति के दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि इस्लामिक क्रांति के शहीद नेता ने हमेशा सरकार का समर्थन किया। साथ ही भरोसा जताया कि नया नेतृत्व ईरान की संप्रभुता और स्थिरता की रक्षा करेगा।
गौरतलब है कि सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत के बाद उनके बेटे मोजतबा खामेनेई को नया सर्वोच्च नेता नियुक्त किया गया है।
होर्मुज और US के साथ बातचीत
पेजेशकियन का यह बयान ऐसे समय में आया है जब पश्चिम एशिया में तनाव चरम पर है। रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, ईरान और ओमान के बीच एक प्रस्तावित समझौता हो सकता है, जिससे तेहरान औकर होर्मुज स्ट्रेट से गुजरने वाले जहाजों पर नियंत्रण मिले।
दूसरी तरफ अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने दावा किया कि ईरान के साथ बातचीत में काफी प्रगति हुई है और तेहरान ने खुद संपर्क किया है। ट्रंप ने कहा कि अगले 48 घंटों में स्थिति और साफ हो जाएगी।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal