बॉडर्र पार से नशा तस्करी, एक आरोपी गिरफ्तार; तीन किलो हेरोइन बरामद

नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने कार्रवाई करते हुए थाना लोपोके इलाके से एक आरोपी को तीन किलो 29 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान हरप्रीत सिंह, निवासी गांव नूरपुर, तहसील लोपोके, जिला अमृतसर के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21, 61 और 85 के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब लाखों रुपये बताई जा रही है। एसएसपी कंवलप्रीत सिंह चाहल ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई की गई है। उन्होंने बताया कि पुलिस टीम संदिग्ध व्यक्तियों की तलाश में मेन जीटी रोड पर गश्त कर रही थी।

इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि हरप्रीत सिंह पाकिस्तान स्थित तस्करों के संपर्क में है और भारत-पाक सीमा के अटारी क्षेत्र में ड्रोन के माध्यम से भेजी जा रही हेरोइन की खेप डिलीवर करने जा रहा है। सूचना के आधार पर तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। मौके पर आरोपी से 3 किलो 29 ग्राम हेरोइन, एक मोबाइल फोन और एक हजार रुपये बरामद हुए। इसके साथ ही आरोपी के कब्जे से बाइक बरामद हुई।

आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया गया है ताकि नेटवर्क की गहन जांच की जा सके। यह पता लगाने की कोशिश है कि आरोपी किन-किन लोगों के संपर्क में था। पाकिस्तान स्थित तस्करों से उसका संबंध कैसे बना और अब तक वह ड्रोन के जरिए भेजी गई कितनी हेरोइन की खेपों की सप्लाई में शामिल रहा है। मामले में अन्य आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com