ट्रंप ने गाजा के लिए किया 20 प्वाइंट प्लान का एलान

अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने गाजा में जारी संघर्ष को समाप्त करने की दिशा में एक बड़ी सफलता का दावा किया है। ट्रंप ने एलान किया है कि नवगठित शांति बोर्ड ने हमास और गाजा के अन्य सभी सशस्त्र समूहों के पूर्ण निरस्त्रीकरण के लिए एक ऐतिहासिक समझौते पर सहमति जताई है। जिसके तहत हमास पीछे हट जाएगा और इजरायली सैनिक गाजा से वापस आ जाएंगे।

ट्रंप ने अपने टुथ सोशल प्लेटफॉर्म पर पोस्ट में लिखा, “आज शांति बोर्ड ने हमास और गाजा में मौजूद अन्य सभी सशस्त्र समूहों के पूर्ण निरस्त्रीकरण (हथियार डालने) के लिए एक ऐतिहासिक समझौते पर सहमति जताई है।

यह समझौता स्थायी शांति और सुरक्षा की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है और गाजा के लिए उनकी 20-सूत्री योजना ( 20 प्वाइंट प्लान) के कार्यान्वयन में एक प्रमुख मील का पत्थर है।”

चरणबद्ध तरीके से लागू होगा समझौता

ट्रंप के अनुसार, समझौते को चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा। जिसमें सबसे पहले हमास और अन्य सशस्त्र समूहों का निरस्त्रीकरण किया जाएगा। निरस्त्रीकरण पूरा होने के बाद, इजरायली सेनाएं वापस चली जाएंगी, और अंतर्राष्ट्रीय स्थिरीकरण बल एक नए फलिस्तीनी पुलिस बल के साथ मिलकर गाजा को उसके निवासियों और पड़ोसियों के लिए सुरक्षित बनाने की जिम्मेदारी संभालेगा।

मिस्र, कतर और तुर्की को दिया धन्यवाद

ट्रंप ने इस समझौते लिए मध्यस्थता के प्रयास कर रहे मिस्र, कतर और तुर्की को धन्यवाद दिया, साथ ही समझौते को सुरक्षित करने में अपने प्रशासन की भूमिका की भी प्रशंसा की। उन्होंने कहा, “मैं मध्यस्थों मिस्र, कतर और तुर्की को उनके महत्वपूर्ण प्रयासों के लिए धन्यवाद देना चाहता हूं, और विशेष रूप से अपनी उत्कृष्ट टीम को, जिनके अथक परिश्रम ने इस ऐतिहासिक सफलता को संभव बनाया।”

ट्रंप ने इस समझौते को एक अभूतपूर्व सफलता बताते हुए कहा कि इस अद्भुत उपलब्धि के लिए सभी को बधाई, जिसके बारे में सभी ने कहा था कि यह कभी हासिल नहीं किया जा सकता।

गाजा अब सुरक्षा के लिए कोई खतरा नहीं

इजरायल पर 7 अक्टूबर 2023 को हुए हमले का जिक्र करते हुए ट्रंप ने दावा किया कि गाजा अब सुरक्षा के लिए कोई खतरा नहीं रहेगा। उन्होंने कहा गाजा से 7 अक्टूबर को जो खतरा पैदा हुआ था, उसे दोबारा पनपने नहीं दिया जाएगा। ट्रंप ने यह भी कहा कि पिछले एक साल में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है।एक साल पहले भीषण युद्ध छिड़ा हुआ था, मानवीय संकट था और बंधकों को क्रूरतापूर्वक कैद में रखा गया था। हमने ऐतिहासिक प्रगति की है और अभी भी बहुत काम करना बाकी है।

शांति बोर्ड क्या है?

‘शांति बोर्ड’ (Board of Peace) डोनल्ड ट्रंप द्वारा दावोस में शुरू किया गया एक अंतरराष्ट्रीय मध्यस्थता मंच है। इस बोर्ड के अध्यक्ष वे स्वयं हैं। इसके कार्यकारी बोर्ड में कई वरिष्ठ अमेरिकी अधिकारी और अंतरराष्ट्रीय हस्तियां शामिल हैं, जिनमें विदेश मंत्री मार्को रुबियो, विशेष दूत स्टीव विटकॉफ, ब्रिटेन के पूर्व प्रधानमंत्री टोनी ब्लेयर और जेरेड कुशनर शामिल हैं।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com