क्वांटास के प्लेन ने रिकॉर्ड तोड़कर रचा इतिहास

क्वांटास की फ्लाइट में आसमान में नया इतिहास लिख दिया है। ऑस्ट्रेलियाई एयरलाइन क्वांटास ने अब तक की सबसे लंबी कमर्शियल फ्लाइट पूरी कर ली है। इसके लिए खास तौर पर मॉडिफाई किए गए एयरबस A350 ने फ्रांस के टूलूज में लैंड करने से पहले 24 घंटे से ज्यादा समय तक उड़ान भरी।

रिकॉर्ड बनाने वाली यह यात्रा एयरलाइन के लंबे समय से अटके प्रोजेक्ट सनराइज के लिए एक बड़ी उपलब्धि है। इस प्रोजेक्ट का मकसद 2027 से ऑस्ट्रेलिया के पूर्वी तट से लंदन और न्यूयॉर्क के लिए नॉन-स्टॉप फ्लाइट चलाना है।

27 जुलाई को मेलबर्न से रवाना हुई थी फ्लाइट

एयरबस और फ्लाइट-ट्रैकिंग डेटा के अनुसार, यह विमान 27 जुलाई को स्थानीय समयानुसार शाम 5:27 बजे मेलबर्न से रवाना हुआ और 24 घंटे और 23-24 मिनट की उड़ान के बाद 28 जुलाई को स्थानीय समयानुसार सुबह लगभग 9:52 बजे टूलूज में एयरबस के मुख्यालय पर उतरा।

दक्षिणी फ्रांस पहुंचने से पहले इस विमान ने प्रशांत महासागर, अमेरिका, कनाडा और अटलांटिक महासागर को पार करते हुए 23,075 किलोमीटर (14,338 मील) की दूरी तय की। इस फ्लाइट ने 2005 में हांगकांग-लंदन टेस्ट फ्लाइट के दौरान बोइंग 777-200LR द्वारा बनाए गए 22 घंटे 42 मिनट के पिछले कमर्शियल फ्लाइट ड्यूरेशन रिकॉर्ड को तोड़ दिया।

फ्लाइट को 36 लाख से ज्यादा लोगों ने किया ट्रैक

F-WULR रजिस्ट्रेशन वाले इस विमान ने लैंडिंग से पहले कुछ देर के लिए गो-अराउंड (हवा में एक चक्कर लगाना) किया, जिससे Flightradar24 पर इसे लाइव ट्रैक कर रहे 1,20,000 से ज्यादा लोगों का ध्यान इसकी ओर खिंचा।

फ्लाइट-ट्रैकिंग प्लेटफॉर्म ने बताया कि यह उड़ान उसके इतिहास में दूसरी सबसे ज्यादा ट्रैक की जाने वाली फ्लाइट बन गई, जिसे 36 लाख से ज्यादा लोगों ने ट्रैक किया। इससे ज्यादा लोग सिर्फ उस फ्लाइट को देख रहे थे जिसमें महारानी एलिजाबेथ द्वितीय का ताबूत ले जाया जा रहा था।

क्या है एयरक्राफ्ट की खासियत?

यह एयरक्राफ्ट खास तौर पर मॉडिफाई किया गया एयरबस ए350-1000यूएलआर (अल्ट्रा लॉन्ग रेंज) है, जिसमें बहुत लंबी दूरी की उड़ानों के लिए 20,000 लीटर का एक्स्ट्रा फ्यूल टैंक लगाया गया है। एयरबस दो महीने के सर्टिफिकेशन प्रोग्राम के तहत जून से ही इस एयरक्राफ्ट की टेस्टिंग कर रही है।

बस एक हफ्ते पहले इसी विमान ने हिंद महासागर के रास्ते टूलूज से मेलबर्न तक की टेस्ट फ्लाइट 19 घंटे से कुछ ज्यादा समय में पूरी की थी। हालिया मिशन के दौरान इंजीनियरों ने मॉडिफाइड फ्यूल सिस्टम, केबिन में शोर के लेवल, हवा के सर्कुलेशन और लगभग पूरे दिन चलने वाली उड़ानों के लिए डिजाइन किए गए दूसरे सिस्टम की जांच की। इसमें 12 लोग सवार थे, जिनमें एयरबस के आठ टेस्ट क्रू सदस्य, क्वांटास के दो पायलट और एयरबस के दो इंजीनियर शामिल थे।

प्रोजेक्ट सनराइज मंजूरी के और करीब

क्वांटास ने प्रोजेक्ट सनराइज के लिए 12 ए350-1000यूएलआर विमानों का ऑर्डर दिया है। हर जेट में 238 यात्रियों के बैठने की जगह होगी और इसे मौसम के हालात के आधार पर सिडनी और लंदन या न्यूयॉर्क के बीच 19 से 21 घंटे में बिना रुके उड़ान भरने के लिए डिजाइन किया गया है।

पहला विमान अप्रैल 2027 में मिलने की उम्मीद है और सिडनी-लंदन के बीच रोजाना नॉन-स्टॉप सेवाएं अक्टूबर 2027 में शुरू होने वाली हैं। प्रोजेक्ट सनराइज पर लगभग एक दशक से काम चल रहा है और इसमें कई बार देरी हुई है। एक बार शुरू होने के बाद यह ऐतिहासिक कंगारू रूट पर पांच दिन की यात्रा को एक ही नॉन-स्टॉप फ्लाइट में बदल देगा।

फिलहाल, दुनिया की सबसे लंबी शेड्यूल्ड कमर्शियल पैसेंजर सर्विस सिंगापुर एयरलाइंस का सिंगापुर और न्यूयॉर्क के बीच नॉन-स्टॉप रूट है, जो एयरबस ए350 के एक और वैरिएंट का इस्तेमाल करके 18 घंटे से कुछ ज्यादा समय में लगभग 15,350 किलोमीटर की दूरी तय करता है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com