अमेरिका और ईरान के बीच चल रहे तनाव के बीच अब ईरान की तरफ से एक बेहद डरावना और सनसनीखेज प्रोपेगैंडा वीडियो सामने आया है। इस वीडियो में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की पत्नी, फर्स्ट लेडी मेलानिया ट्रंप और उनके 20 साल के बेटे बैरो ट्रंप को निशाना बनाया गया है।
वीडियो में क्या-क्या कहा गया?
बता दें कि ‘हाउ टू किल मेलानिया ट्रंप’ (मेलानिया ट्रंप की हत्या कैसे करें) नाम के इस वीडियो में ईरानी समर्थकों को फर्स्ट लेडी की हत्या करने के लिए उकसाया जा रहा है। वीडियो में मेलानिया ट्रंप के काफिले और न्यूयॉर्क शहर की कुछ ऐसी जगहों की तस्वीरें दिखाई गई हैं, जहां वे अक्सर जाती हैं। इसमें उनके पसंदीदा डिजाइनर स्टोरों के नाम भी शामिल हैं।
खतरनाक साजिश का अंदेशा
इसके अलावा वीडियो में सुझाव दिया गया है कि फर्स्ट लेडी जिन कपड़ों की खरीदारी करती हैं, उन्हें खतरनाक जहरीला केमिकल से प्रभावित किया जा सकता है। वीडियो के अंत में राष्ट्रपति ट्रंप के 20 वर्षीय बेटे बैरो ट्रंप को भी धमकी दी गई और कहा गया कि यह तो बस शुरुआत है, बैरो ट्रंप, हमारा इंतजार करो।
पहले भी लगे थे धमकी भरे पोस्टर
गौरतलब है कि ईरान की तरफ से ट्रंप परिवार को लगातार निशाना बनाया जा रहा है। पिछले हफ्ते ही तेहरान में बड़े-बड़े होर्डिंग और बिलबोर्ड लगाए गए थे, जिन पर राष्ट्रपति ट्रंप और उनके सभी बच्चे, डॉन जूनियर, इवांका, एरिक, टिफ़नी और बैरो की मौत की मांग की गई थी। इन पोस्टरों पर ‘खून का बदला खून’ लिखा हुआ था।
कड़ी सुरक्षा के बीच परिवार
ऐसे में खतरों को देखते हुए फर्स्ट लेडी मेलानिया और बैरो ट्रंप को चौबीसों घंटे ‘सीक्रेट सर्विस’ की सुरक्षा मिली हुई है। इसके अलावा व्हाइट हाउस, न्यूयॉर्क स्थित ट्रंप टॉवर, न्यूजर्सी का बेडमिन्स्टर गोल्फ क्लब और फ्लोरिडा का मार-ए-लागो एस्टेट- ट्रंप परिवार के सभी ठिकानों पर सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी कर दी गई है।
राष्ट्रपति ट्रंप खुद भी हैं निशाने पर
हालांकि केवल ट्रंप का परिवार ही नहीं ईरान और अमेरिका के बीच चल रहे युद्ध के दौरान राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को भी लगातार धमकियां मिल रही हैं। हाल ही में तुर्किए में एक नाटो बैठक के दौरान सुरक्षा खतरों के चलते राष्ट्रपति ट्रंप को अपने नए एयर फोर्स वन विमान को छोड़कर पुराने मॉडल के विमान से सफर करना पड़ा था।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal