बिहार के 26 जिलों में वज्रपात और बारिश का यलो अलर्ट

बिहार में बुधवार को भी बारिश और वज्रपात का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने राज्य के 26 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में मेघगर्जन, वज्रपात, 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने और कई स्थानों पर भारी बारिश की संभावना जताई गई है। लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और खुले स्थानों में जाने से बचने की सलाह दी गई है।

इन जिलों में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिम और पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, मुजफ्फरपुर, वैशाली, शिवहर, सीतामढ़ी, मधुबनी, दरभंगा, समस्तीपुर, सुपौल, सहरसा, मधेपुरा, अररिया, पूर्णिया, कटिहार, किशनगंज, खगड़िया, मुंगेर, भागलपुर, बांका और जमुई समेत कुल 26 जिलों में मौसम बिगड़ने की आशंका है। इन इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश और कुछ स्थानों पर भारी वर्षा हो सकती है।

दक्षिण-पश्चिम बिहार में कैसा रहेगा मौसम?
पटना, भोजपुर, बक्सर, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, अरवल, जहानाबाद, नालंदा, गया, नवादा, शेखपुरा, लखीसराय और बेगूसराय समेत दक्षिण एवं दक्षिण-पश्चिम बिहार के जिलों के लिए फिलहाल ग्रीन अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में किसी विशेष मौसम चेतावनी की संभावना नहीं है, हालांकि स्थानीय स्तर पर हल्की बारिश या बादल छाए रहने की स्थिति बन सकती है। पटना में आज अहले सुबह बारिश हुई है। हालांकि, सुबह आठ बजे के बाद धूप निकल गई।

पटना में 11 जुलाई तक कैसा रहेगा मौसम?
राजधानी पटना में 11 जुलाई को मध्यम बारिश होने का अनुमान है। इसके बाद आठ जुलाई को अधिकतम तापमान 33 डिग्री, नौ जुलाई को 35 डिग्री और 10 जुलाई को 34 डिग्री तक पहुंच सकता है। 11 जुलाई को तापमान में हल्की गिरावट के साथ अधिकतम 32 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। लगातार बादल और रुक-रुक कर बारिश के कारण लोगों को उमस से कुछ राहत मिल सकती है, हालांकि बीच-बीच में गरज के साथ बारिश की स्थिति बनी रहेगी।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com