प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपनी दो दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर सोमवार को इंडोनेशिया पहुंचे हैं। जहां मंगलवार को उन्हें इंडोनेशिया के सबसे बड़े नागरिक सम्मान ‘बिंतांग आदिपूर्णा’ से नवाजा गया। इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो ने खुद पीएम मोदी को इस प्रतिष्ठित मेडल से सम्मानित किया।
पीएम मोदी बोले- यह सम्मान करोड़ों भारतीयों का है
इस सम्मान को पाने के बाद प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पीएम मोदी का एक संदेश साझा किया। इसमें प्रधानमंत्री ने कहा कि आज सुबह मुझे बहुत ही आदर और स्नेह के साथ इंडोनेशिया का सर्वोच्च सम्मान दिया गया है। यह सम्मान मेरा नहीं, बल्कि भारत के करोड़ों देशवासियों का है।
उन्होंने कहा कि यह इंडोनेशिया के लोगों की हमारे प्रति भावना और दोनों देशों के बीच के ऐतिहासिक व बेहद करीबी रिश्तों का प्रतीक है। पीएम मोदी ने इस सम्मान के लिए राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो, इंडोनेशिया की सरकार और वहां की जनता का दिल से आभार व्यक्त किया।
समझिए क्या है ‘बिंतांग आदिपूर्णा’ सम्मान?
यह इंडोनेशिया का सर्वोच्च राजकीय सम्मान है, जिसकी शुरुआत 1959 में हुई थी। यह सम्मान उन विदेशी राष्ट्राध्यक्षों को दिया जाता है जिन्होंने इंडोनेशिया के साथ दोस्ती, रणनीतिक सहयोग और आपसी संबंधों को मजबूत करने में असाधारण योगदान दिया हो। पीएम मोदी को यह सम्मान भारत और इंडोनेशिया के रिश्तों को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए दिया गया है।
पीएम मोदी का जकार्ता में शाही स्वागत
बता दें कि इंडोनेशिया पहुंचने के साथ ही पीएम मोदी का जकार्ता में गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। जो कि साफ तौर पर भारत और इंडोनेशिया के बीच बढ़ती दोस्ती और सहयोग का प्रतिक माना जा रहा है। शुरुआत से बात करें तो सोमवार को जब पीएम मोदी का विमान इंडोनेशियाई हवाई क्षेत्र में दाखिल हुआ, तो इंडोनेशियाई सेना के लड़ाकू विमानों ने उनके विमान को एस्कॉर्ट किया।
राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो ने खुद गले लगाकर पीएम मोदी का स्वागत किया। मंगलवार को जकार्ता में उन्हें ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ दिया गया और घुड़सवार सैनिकों ने अगवानी की। इस दौरान इंडोनेशिया की संस्कृति की झलक दिखाते हुए कई पारंपरिक डांस परफॉर्मेंस भी पेश किए गए।
अब समझिए क्यों खास है पीएम मोदी यह दौरा?
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री मोदी राष्ट्रपति प्रबोवो के व्यक्तिगत निमंत्रण पर 6 से 8 जुलाई तक इंडोनेशिया के दौरे पर हैं। पीएम मोदी की यह चौथी इंडोनेशिया यात्रा है। साल 2018 में दोनों देशों के बीच ‘व्यापक रणनीतिक साझेदारी’ बनने के बाद यह दोनों देशों के बीच पहली द्विपक्षीय यात्रा है।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal