योगी सरकार का बड़ा फैसला: तीन तलाक और तेजाब हमले की पीड़िताओं को मिलेगा पक्का मकान और मुफ्त इलाज

उत्तर प्रदेश सरकार तीन तलाक और तेजाब हमले की पीड़िताओं को आवास योजना का लाभ देगी। एक आधिकारिक बयान में मंगलवार को यह जानकारी दी गई। बयान के मुताबिक राज्‍य सरकार तीन तलाक और तेजाब हमला की पीड़ित महिलाओं को प्रधानमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना तथा मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना का लाभ दिया जाएगा। इसके साथ ही निराश्रित महिलाओं को भी इन सभी योजनाओं का लाभ देने का प्रस्ताव है।

पीड़ित और निराश्रित महिलाओं का डेटा जुटाने की कार्रवाई शुरू
आधिकारिक बयान के मुताबिक मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर महिला कल्याण विभाग ने विभागीय स्तर पर कार्रवाई शुरू की है। बयान में कहा गया कि महिला कल्याण विभाग द्वारा तीन तलाक एवं तेजाब हमले से पीड़ित महिलाओं के साथ निराश्रित महिलाओं का विस्तृत आंकड़ा एकत्रित किया जा रहा है, ताकि पात्र महिलाओं को योजनाओं का लाभ प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराया जा सके।

विभागों के बीच तालमेल और शासनादेश तैयार करने की कवायद तेज
बयान के अनुसार शासन स्तर पर इसके लिए आवश्यक दिशा-निर्देश और शासनादेश (जीओ) तैयार करने की प्रक्रिया चल रही है। इसमें कहा गया कि सरकार का उद्देश्य है कि किसी भी पात्र महिला को केवल जानकारी के अभाव या प्रक्रियागत जटिलताओं के कारण सरकारी योजनाओं से वंचित न रहना पड़े। इसके लिए विभागों के बीच समन्वय स्थापित किया जा रहा है।

बेघर पीड़ितों को प्राथमिकता पर मिले PM या CM आवास
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उच्चस्तरीय बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिये थे कि जिन महिलाओं को तीन तलाक या तेजाब हमले जैसी परिस्थितियों का सामना करना पड़ा है और जिनके पास स्थाई आवास नहीं है, उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना अथवा मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत पक्का घर उपलब्ध कराया जाए।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com