Madhuri Dixit ने करियर के पीक पर क्यों छोड़ा काम

जब मां का साथ हो, तो कितनी भी कठिनाई क्यों ना आ जाएं, रास्ते आसान लगते हैं। अभिनेत्री माधुरी दीक्षित (Madhuri Dixit) के साथ भी ऐसा ही रहा है। चार जून को नेटफ्लिक्स पर रिलीज होने वाली फिल्म मां बहन में माधुरी दो बेटियों की सिंगल मां के रोल में हैं। हालांकि फिल्म के ट्रेलर को देखकर लगता है कि वह अपनी बेटियों के लिए मुसीबत खड़ी कर देती है, लेकिन वास्तविक जीवन में जब वह अभिनय के पेशे में आई थीं, तो उनकी मां उनका सबसे बड़ा सपोर्ट बनी थीं।

मां की दी सलाह आई काम

उनकी दी हुई सलाह माधुरी के बेहद काम आई थी। माधुरी कहती हैं कि मेरी मां बहुत ही स्ट्रान्ग महिला थीं। वह मेरी बैकबोन थी। मैं इस पेशे में जब आई थी, तब बहुत छोटी थी। लोग कुछ कह देते थे, तो मैं घबरा जाती थी कि मम्मी वो तो ऐसा बोल रहे हैं। वह कहती थीं कि तू चिंता मत कर, तुझे काम करना, डांस करना, एक्टिंग करना अच्छा लगता है ना? मैं हां कहती, तो वह कहती थी कि फिर तू कर। अपना काम और मेहनत बस करते रहो, खुद को बेहतर बनाओ। एक बार सफलता मिल गई ना, तो हर कोई बदल जाएगा।

महिलाओं को करियर माइंडेड होना चाहिए – माधुरी

मैं आज जैसी हूं, जो हूं, वह उनके व्यक्तित्व का बड़ा हिस्सा हैं। फिल्म में माधुरी का पात्र बिजनेसवुमन है, जो कई सारे बिजनेस करने के बाद आखिरकार अपना वाइन शाप चलाती है। इस फिल्म के ट्रेलर लांच में माधुरी ने कहा था कि महिलाओं को करियर माइंडेड होना चाहिए। उनके लिए करियर माइंडेड होना कितना जरूरी रहा है? इस पर वह कहती हैं कि यह शब्द सुनने में बहुत निगेटिव लगता है, खासकर अगर कोई महिला कहे। मुझे लगता है क्यों नहीं करियर माइंडेड होना चाहिए।

जब पुरुष अपना करियर बनाने की बात करते हैं, तो उन्हें करियर माइंडेड नहीं, बल्कि महत्वाकांक्षी कहा जाता है। महिलाएं भी तो महत्वाकांक्षी हो सकती हैं। फिर उन्हें करियर माइडेंड क्यों कहना, उनका भी करियर होना चाहिए। महिलाएं आज इतनी पढ़ी-लिखी हैं, अगर करियर न बना पाएं, तो इतना पढ़-लिखकर क्या फायदा। मैं जब पिछली सदी के नौवें दशक में काम कर रही थी, तो सेट पर महिलाओं में केवल अभिनेत्री और हेयरड्रेसर्स होती थीं। आज सेट पर जब जाती हूं, तो लेखन, निर्देशन, असिस्टेंट डायरेक्शन से लेकर लाइटिंग डिपार्टमेंट तक में महिलाएं दिखती हैं।

शादी करने के बाद लोगों ने सुनाए ताने

मुझे तो यह बात बहुत कमाल लगती है। ऐसा नहीं हो पाता अगर वह अपने करियर में दिलचस्पी नहीं लेती। मुझे लगता है कि महिलाओं का करियर होना चाहिए। उन्हें वह करने की आजादी होनी चाहिए, जिसे करने में उन्हें मजा आता है। अगर उन्हें लगता है कि मुझे घर पर रहना है, बच्चों की देखभाल करनी है, करियर नहीं चाहिए, बाहर काम नहीं करना है, तो वह भी ठीक है। घर पर ही इतना काम होता है। घर की महिलाएं भी बड़ी जिम्मेदरी निभा रही हैं। जब मेरी शादी हुई थी, तब भी लोग कहते थे अरे आप तो शिखर पर थीं, आप शादी करके चली गईं, अपने करियर का नहीं सोचा।

माधुरी को अपने पर था आत्मविश्वास

मैंने किसी से कुछ नहीं कहा, क्योंकि मैं जानती हूं कि मुझे अपनी जिंदगी में सही इंसान (माधुरी के पति व डाक्टर श्रीराम नेने) मिल गया है और वही सही समय है, मुझे उसी व्यक्ति से शादी करनी है। जब मैं अमेरिका गई शादीशुदा जीवन को जीया, तो मैं अपने सपने को जी रही थी। जो भी उस दौरान हो रहा था, वह मेरे सपने का हिस्सा था कि मुझे घर, बच्चा, पति सब चाहिए। मैंने अपने उस सपने को खुलकर जीया। मुझे कभी नहीं लगा कि अब मेरे करियर का क्या होगा। करियर तो हमेशा होता है। मैं जानती थी कि लौटकर काम कर सकती हूं। वह आत्मविश्वास खुद होना चाहिए।

ज्यादातर शिखर पर रहने वाली माधुरी, असुरक्षा वाली भावनाओं के दौर से भी गुजरी हैं?

वह कहती हैं कि एक्टर की जिंदगी में उतार-चढ़ाव तो आते ही हैं। कभी आप सफल होंगे, कभी नहीं। कभी फिल्म चलेगी, कभी नहीं। आज तो इंटरनेट मीडिया पर कई तरह के कमेंट्स होते हैं, जो परेशान कर सकते हैं। मैं तो हमेशा से यही मानती आई हूं कि आप जो भी करते हैं, खुद के लिए करिए। आपको खुशी उसी में मिलेगी, जो करना आपको पसंद है, आपका जुनून है। लोग तो बोलते ही रहेंगे कि आप कुछ करो ना करो। अपनी जिंदगी जीएं।

इंटरनेट मीडिया के दौर में जहां स्टारडम पाना और उसका खो जाना आसान है। वहां इतनें वर्षों से स्टारडम को मेंटेन रख पाना कैसे संभव हो पाता है? इस पर माधुरी कहती हैं कि मैंने जो भी किया है, वह पूरे दिल से दृढ़ता के साथ किया है। मैंने कभी कोई भी चीज आधे मन से नहीं की है, फिर चाहे वो इस इंडस्ट्री में काम करना हो या मेरे जीवन से जुड़ा कोई निर्णय हो। शादी की, बच्चे हुए, इस देश से दूर चली गई, फिर वापस आई, हर चीज मैंने दृढ़ता के साथ की है। टिके रहने के लिए मेरे ख्याल से अपने निर्णयों पर दृढ़ रहना बहुत जरूरी है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com