दिल्ली समेत 13 राज्यों में आंधी-बारिश का अलर्ट

देश के बड़े हिस्से को भीषण गर्मी और लू (Heatwave) से बड़ी राहत मिली है। पिछले दिनों हुई हल्की बूंदाबांदी और ठंडी हवाओं के बाद तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार इस बदलते मौसम की मुख्य वजह पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक देश के कई राज्यों में तेज आंधी, ओलावृष्टि और भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।

दिल्ली-एनसीआर में 2 दिनों का ‘येलो अलर्ट’

राजधानी दिल्ली और उसके आसपास के इलाकों में मौसम सुहाना बना हुआ है। बीते कल दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य से काफी कम और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। आईएमडी ने दिल्ली में आज और कल के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। अगले दो दिनों तक आसमान में बादल छाए रहेंगे, बिजली कड़केगी और 60 से 70 किमी/घंटे की रफ्तार से धूल भरी आंधी के साथ बारिश होने की पूरी संभावना है।

यूपी, बिहार और झारखंड में चलेंगी तेज हवाएं 

उत्तर भारत के इन राज्यों में मौसम सबसे ज्यादा आक्रामक रुख दिखा सकता है। मौसम विभाग ने यहां के लोगों को बिना वजह यात्रा न करने और खराब मौसम में सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है। यूपी के कई जिलों में 70 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की तूफानी रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। 

कई इलाकों में बारिश के साथ ओले (Hailstorm) गिरने की भी आशंका है। वहीं बिहार और झारखंड के कई जिलों में 80 से 100 किमी/घंटे की रफ्तार से विनाशकारी आंधी आ सकती है। इसके साथ ही गरज-चमक के साथ भारी बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट है।

वहीं अगर राजस्थान के कोटा, झालावाड़, सवाई माधोपुर और टोंक समेत कई जिलों में तेज बारिश के साथ 60 से 80 किमी/घंटे की रफ्तार से आंधी चलने का अनुमान है। मध्य प्रदेश के इंदौर, भोपाल और पन्ना सहित कई हिस्सों में 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की उम्मीद है।

पहाड़ी राज्य: हिमाचल और उत्तराखंड में अलर्ट

उत्तराखंड के चमोली और देहरादून सहित कई जिलों में आज भारी बारिश और ओले गिरने की चेतावनी दी गई है। शिमला, कुल्लू और मनाली समेत राज्य के 10 जिलों में आज आंधी-तूफान का अलर्ट है। इस बारिश से पहाड़ी इलाकों के तापमान में और गिरावट आएगी।

पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत: मानसून की दस्तक

मौसम विभाग के मुताबिक दक्षिण-पश्चिम मानसून (Southwest Monsoon) तेजी से आगे बढ़ रहा है। अगले 2-3 दिनों में इसके अरब सागर, लक्षद्वीप और बंगाल की खाड़ी के कई हिस्सों में पहुंचने के लिए परिस्थितियां बिल्कुल अनुकूल हैं। 

अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 31 मई से 4 जून के बीच मूसलाधार बारिश का दौर शुरू होने वाला है। केरल, लक्षद्वीप और तमिलनाडु में भी लगातार बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com