केवल ढिल्लों बने पंजाब भाजपा अध्यक्ष: पहली बार जट्ट सिख को पार्टी की कमान

भाजपा ने केवल ढिल्लों को पंजाब भाजपा का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है। वे सुनील जाखड़ की जगह लेंगे।

ढिल्लों भाजपा के पहले जट्ट सिख प्रधान हैं। एक बार फिर भाजपा ने कांग्रेस से आए चेहरे पर दांव लगाया है। ढिल्लों से पहले प्रधान रहे सुनील जाखड़ भी कांग्रेस से आए थे। ढिल्लों भाजपा नेताओं के साथ आज गवर्नर हाउस पहुंचे थे, इसी दाैरान उन्हें प्रधान बनाए जाने की जानकारी मिली।

2027 चुनाव पर है फोकस

नियुक्ति के बाद अपने पहले बयान में नए प्रधान ने कहा कि अब उनका फोकस 2027 चुनाव पर रहेगा। ढिल्लों ने कहा कि 2027 में कमल खिलाने के लिए पंजाब में सभी को साथ लेकर चला जाएगा। जो लोग कहते हैं कि अगली बार भाजपा एक या दो सीटों पर सिमट जाएगी, वे 2027 में पंजाब भाजपा का प्रदर्शन देखकर चौक जाएंगे।

बंगाल के बाद अब पंजाब की बारी

उन्होंने आप सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि साढ़े चार साल बीतने के बावजूद जनता से किए बड़े वादे अभी तक अधूरे हैं। बंगाल के बाद अब पंजाब की बारी है, पंजाब में सभी जातियां और समुदाय के लोगों को साथ लेकर आगे बढ़ेंगे और 2027 में सरकार बनाएंगे।

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कसा तंज

केवल ढिल्लों की नियुक्ति पर सीएम भगवंत मान ने तंज कसा है। सीएम ने ट्वीट किया-2017, 2019 और 2024 में बरनाला की जनता से हारने वाले कांग्रेस के भाजपा नेता केवल ढिल्लों को भाजपा का अध्यक्ष बनने पर बधाई। सुनील जाखड़ के प्रति मेरी हार्दिक संवेदनाएं। भगवान रवनीत बिट्टू, मनप्रीत बादल, फतेहजंग बाजवा, तरुण चुघ और अश्वनी शर्मा आदि को यह अपमान सहने की शक्ति दे।

बरनाला से दो बार रह चुके हैं विधायक

ढिल्लों पंजाब के एक प्रभावशाली राजनीतिज्ञ और व्यवसायी माने जाते हैं। वे ढिल्लों ग्रुप के प्रमुख हैं। बरनाला के रहने वाले ढिल्लों ने अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के साथ की थी। उन्होंने 2007 और 2012 में बरनाला विधानसभा क्षेत्र से जीत हासिल की और विधायक बने। 

कैप्टन अमरिंदर के हैं नजदीकी

केवल सिंह ढिल्लों को पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह का बेहद करीबी माना जाता है। जून 2022 में, वे औपचारिक रूप से भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए थे।

संगरूर लोकसभा उपचुनाव लड़े थे

उन्होंने 2022 के संगरूर लोकसभा उपचुनाव में भाजपा के टिकट पर चुनाव भी लड़ा था मगर आप प्रत्याशी से हार गए थे। वे पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष रह चुके हैं। मौजूदा समय में वह भारतीय जनता पार्टी के उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। 

सुनील जाखड़ ने दी बधाई

भाजपा के पूर्व अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने कहा कि पंजाब भाजपा के अध्यक्ष के रूप में सेवा करना मेरे लिए अत्यंत गौरव और बड़ी जिम्मेदारी का विषय रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा मुझ पर जताया गया विश्वास तथा गृह मंत्री अमित शाह से निरंतर प्राप्त मार्गदर्शन इस पूरे सफर में मेरे लिए शक्ति का स्थायी स्रोत रहा है।

बीएल संतोष से प्राप्त संगठनात्मक सीख और दिशा-निर्देश, साथ ही जगत प्रकाश नड्डा और वर्तमान राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन का प्रोत्साहन और सहयोग मेरे लिए सदैव अत्यंत मूल्यवान रहेगा।
पंजाब भाजपा की ताकत हमेशा राज्यभर के कार्यकर्ताओं, नेताओं और समर्थकों में रही है, जिनकी निष्ठा और सहयोग ने इस कार्यकाल को सार्थक और यादगार बनाया। 

अब जब यह जिम्मेदारी केवल ढिल्लों को सौंपी जा रही है, तो मेरी ओर से उन्हें हार्दिक शुभकामनाएं और पूरा सहयोग रहेगा। मुझे पूर्ण विश्वास है कि उनके नेतृत्व में संगठन और अधिक मजबूत होगा तथा पंजाब की सेवा को और अधिक समर्पण के साथ आगे बढ़ाएगा। मेरे लिए पंजाब, पंजाब के लोगों और संगठन के साथ रिश्ता हमेशा किसी भी पद या जिम्मेदारी से कहीं ऊपर रहा है, और यह जुड़ाव आगे भी उसी स्नेह, प्रतिबद्धता और समर्पण के साथ जारी रहेगा।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com