बांग्‍लादेश के स्‍टार क्रिकेटर ने फ्रेंचाइजी पर जमकर निकाली भड़ास

 बांग्‍लादेश के विकेटकीपर बल्‍लेबाज लिटन दास ने अपने छोटे आईपीएल करियर में निराशाजनक कार्यकाल के लिए कोलकाता नाइटराइडर्स को दोषी ठहराया है। लिटन दास ने आईपीएल 2023 सीजन में केकेआर का प्रतिनिधित्‍व किया था। उन्‍होंने दावा किया कि फ्रेंचाइजी की तरफ से पर्याप्‍त समर्थन नहीं मिला।

लिटन दास ने बांग्‍लादेश क्रिकेट के चार चोका पॉडकास्‍ट में बातचीत करते हुए बताया कि उन्‍हें कभी केकेआर का हिस्‍सा होने का एहसास नहीं हुआ। दास ने कहा, ‘मुझे लगा कि केकेआर को कभी मेरी जरूरत नहीं थी। मेरी उम्‍मीद के मुताबिक टीम से मुझे समर्थन नहीं मिला।’

डेब्‍यू की अजब कहानी

बांग्‍लादेश के स्‍टार क्रिकेटर ने बताया कि उन्‍हें अंतिम समय में बताया गया कि डेब्‍यू कराया जा रहा है, जिसकी तैयारी करने का पर्याप्‍त समय तक नहीं मिला। दास ने कहा, ‘आमतौर पर एक खिलाड़ी को मैच के एक दिन पहले पता चल जाता है कि प्‍लेइंग 11 में जगह मिलने वाली है। मैं दो मैचों में बाहर बैठा और मुझे लेकर किसी प्रकार की बातचीत नहीं हुई।’

बांग्‍लादेशी क्रिकेटर ने आगे कहा, ‘अचानक रात 11 बजे, मुझे संदेश मिला- आप खेल रहे हैं।’ मेरे अंदर जो भी ऊर्जा थी, उसके रहते तैयारी करने की पूरी कोशिश की। क्रिकेट में कभी चीजें आपके पक्ष में होती है और कभी नहीं। वो दिन मेरा नहीं था।’

लिटन दास का एकमात्र आईपीएल मैच

याद दिला दें कि लिटन दास को केकेआर ने उनकी बेस प्राइस 50 लाख रुपये में खरीदा था। उम्‍मीदें थी कि दास टीम की बल्‍लेबाजी को मजबूत करेंगे और विकेटकीपर की भूमिका निभाएंगे। हालांकि, उनका आईपीएल करियर केवल एक मैच तक सीमित रहा। दिल्‍ली कैपिटल्‍स के खिलाफ दास को मौका मिला, जहां उन्‍होंने चार गेंदों में चार रन बनाए।

दास का विकेटकीपिंग में भी प्रदर्शन अच्‍छा नहीं रहा क्‍योंकि उन्‍होंने स्‍टंपिंग के दो मौके गंवाए। केकेआर को इस मुकाबले में शिकस्‍त झेलनी पड़ी थी। इसके बाद उन्‍हें दोबारा खेलने का मौका नहीं मिला। पारिवारिक कारणों से दास अपने घर जल्‍दी लौट गए थे। केकेआर की टीम का प्रदर्शन 2023 सीजन में अच्‍छा नहीं रहा। वो सातवें स्‍थान पर रही।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com