आगरा के 136 किसानों के खाते में आए 35.60 लाख रुपये, पीएम मोदी की इस योजना का मिला बड़ा लाभ

प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत 136 किसानों के खातों में 35.60 लाख रुपये की बीमा राशि भेजी गई है। खरीफ और रबी सीजन में फसल नुकसान के बाद किसानों को यह राहत प्रदान की गई है।

आगरा जनपद में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत किसानों को बड़ी राहत मिली है। खरीफ और रबी सीजन में फसलों को हुए नुकसान के बाद 136 किसानों के बैंक खातों में कुल 35.60 लाख रुपये की बीमा राशि भेजी गई है। कृषि विज्ञान केंद्र बिचपुरी में सोमवार को आयोजित कार्यक्रम में किसानों को प्रतीकात्मक (डमी) चेक वितरित किए गए।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि फतेहपुर सीकरी विधायक चौधरी बाबूलाल रहे। उनके साथ भाजपा किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष देवेंद्र रावत, किसान नेता मोहन सिंह चाहर और उप कृषि निदेशक मुकेश कुमार ने 10 किसानों (5 खरीफ, 5 रबी) को डमी चेक सौंपे।

फसल बीमा जिला प्रतिनिधि रवीना चौधरी ने बताया कि जिले में करीब 8 हजार किसानों ने बीमा कराया था। इनमें से 600 किसानों ने टोलफ्री नंबर पर फसल नुकसान की सूचना दर्ज कराई थी। अब तक 136 किसानों को कुल 35.60 लाख रुपये का भुगतान किया जा चुका है। 112 किसानों के बैंक खातों में सोमवार को 24.60 लाख रुपये पहुंचे हैं, जबकि अप्रैल में 24 किसानों के खातों में 11 लाख रुपये ट्रांसफर किए जा चुके हैं।

किसानों से फसल बीमा का लाभ उठाने की अपील
भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत पौनिया ने किसानों को फसल बीमा के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही अधिक से अधिक किसानों से योजना का लाभ उठाने की अपील की गई। इस दौरान जिला कृषि अधिकारी विनोद कुमार, भाजपा जिला उपाध्यक्ष सहदेव शर्मा, श्यामसुंदर, प्रेमसिंह, केशवदेव शर्मा, हरिओम रावत, डॉ. रामशरण सिंह आदि मौजूद रहे।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com