लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए आईपीएल 2026 में अब तक का सफर काफी निराशाजनक रहा है। ऋषभ पंत की कप्तानी वाली एलएसजी की टीम ने मौजूदा सीजन में 7 मैच में से केवल दो ही मैच जीते है, जबकि 5 मैच में उसे हार का सामना करना पड़ा है। राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ बुधवार को खेले गए मैच में भी एलएसजी को 40 रन से शिकस्त मिली।
मैच में टॉस हारकर पहले बैटिंग करते हुए आरआर की टीम ने 159 रन का स्कोर खड़ा किया। जवाब में लखनऊ की टीम 119 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। इस तरह लखनऊ को 40 रन से हार मिली। हार के बाद पोस्ट मैच प्रेजेंटेशन के दौरान कप्तान ऋषभ पंत काफी निराश नजर आए।
Rishabh Pant ने हार के बाद क्या कहा?
उन्होंने मैच के बाद बताया कि मुझे समझ नहीं आ रहा है कि मैं किस तरह से बताऊं कि आज के मैच में क्या हुआ। पंत ने आगे कहा कि हमारे गेंदबाजों ने काफी अच्छा प्रदर्शन किया, लेकिन हमारी बल्लेबाजी यूनिट, अपने काम को पूरा करने में असफल साबित हो रही है।
जब कप्तान ऋषभ पंत से ये पूछा कि वहां क्या गलती हुई? तो इस पर एसएसजी के कप्तान बोले,
“मुझे लगता है कि इसे समझाना मुश्किल है। निश्चित रूप से हमारी बल्लेबाजी हमें निराश कर रही है, लेकिन साथ ही हम एक टीम और एक समूह के रूप में निराश हैं। फिर भी, आपको रास्ते तलाशते रहना होगा। आपको जवाब बाहर नहीं, अपने अंदर खोजने होंगे, लेकिन अभी फिलहाल स्थिति ऐसी ही है।”
पंत ने ली हार की जिम्मेदारी
इसके बाद जब पंत से पूछा गया कि क्या टीम को तब संभलकर खेलना चाहिए था जब गेंद मूव कर रही थी? तो
उन्होंने कहा, “देखिए, निश्चित रूप से हम बल्लेबाजी करते समय थोड़ा समय ले सकते थे। मैं यहां कोई बहाना नहीं बना रहा, मैं खुद को भी इसमें शामिल कर रहा हूं। हम पारी को थोड़ा और गहरा ले जा सकते थे क्योंकि मुझे लगता है कि गेंदबाजों ने शानदार काम किया, खासकर पिछले मैच के बाद। लेकिन, एक बल्लेबाजी समूह के रूप में, हमें आगे आकर जिम्मेदारी लेनी होगी और गेंदबाजों के लिए मैच फिनिश करने की कोशिश करनी होगी।”
अंत में पंत ने कहा,
देखिए, अभी भी बहुत कुछ है जिसे हम सकारात्मक नजरिए से देखना चाहते हैं। हम सभी जानते हैं कि एक टीम के रूप में यह हमारे लिए निराशाजनक है, लेकिन हमें अपना सिर ऊंचा रखना होगा और जवाब अपने अंदर तलाशने होंगे। हम अच्छी तरह जानते हैं कि हमारी गेंदबाजी और बल्लेबाजी में काफी दम है और हम अभी भी वापसी कर सकते हैं। मेरा इसी में विश्वास है। -ऋषभ पंत
अगर बात करें मैच की तो एलएसजी की टीम ने अपने घर में लगातार सातवें और मौजूदा सत्र में पांचवें मैच में करारी शिकस्त का सामना किया। 160 रन के जवाब में लखनऊ की टीम निर्धारित ओवर भी नहीं खेल सकी और 18 ओवर में 119 रन पर सिमट गई।
राजस्थान ने संतुलित खेल का प्रदर्शन किया और बैटिंग वाली पिच पर औसत लक्ष्य का सफलतापूर्वक बचाव किया। कप्तान ऋषभ पंत, उपकप्तान निकोलस पूरन और एडन मार्करम की शर्मनाक बैटिंग की वजह से अब एलएसजी के लिए प्लेऑफ की राह भी मुश्किल हो गई है।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal