सलमान खान इंडस्ट्री के वह सुपरस्टार हैं, जो अपनी दरियादिली के लिए काफी जाने जाते हैं। सिनेमा जगत में शाह रुख खान सहित उनके कई ऐसे दोस्त हैं, जिनको भाईजान दिल से सपोर्ट करते हुए नजर आते हैं। इस मामले में अभिनेत्री प्रीति जिंटा का नाम भी शामिल होता है।
लंबे समय से सलमान खान प्रीति जिंटा की आईपीएल टीम पंजाब किंग्स को सपोर्ट करते हुए नजर आ रहे हैं। एक बार उन्होंने सोशल मीडिया पर फिर से प्रीति की टीम की जीत पर रिएक्ट किया, लेकिन इस बार सल्लू भाई से थोड़ी चूक हो गई है, वह गलती क्या है, आइए जानते हैं।
सलमान खान से हुई चूक
सोमवार शाम को आईपीएल 2026 के दौरान सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स की टीम के बीच क्रिकेट मैच खेला गया। इस दौरान सलमान खान ने अपने ऑफिशियल एक्स हैंडल पर प्रीति जिंटा की आईपीएल टीम पंजाब किग्स को लेकर एक ट्वीट किया, जिसमें लिखा था- शाबाश जिटा, बधाई हो जिटा, टीम अच्छा खेल रही है।
सलमान के इस ट्वीट को अब नेटिजंस ने टारगेट कर लिया है और उन्हें याद दिलाया है कि वह बधाई देने में थोड़ा लेट हो गए हैं, क्योंकि प्रीति जिंटा की आईपीएल टीम पंजाब किंग्स ने अपना पिछला मुकाबला बीते शनिवार को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ खेला था, जिसमें कप्तान श्रेयस अय्यर की अगुवाई में पंजाब की टीम ने 6 विकेट से शानदार जीत हासिल की थी।
इसी वजह से सोशल मीडिया पर भाईजान को काफी ट्रोल किया जा रहा है और नेटिजंस सलमान को उनकी गलती के बारे में बता रहे हैं।
ये पहला मौका नहीं है, जब सलमान खान ने अपनी बेस्ट फ्रेंड प्रीति जिंटा की आईपीएल टीम को सपोर्ट किया है, इससे पहले साल 2014 में भी उन्होंने इस प्रकार के कई ट्वीट किए थे।
सलमान और प्रीति की सुपरहिट जोड़ी
रील लाइफ में सलमान खान और प्रीति जिंटा की जोड़ी फैंस की काफी फेवरेट मानी जाती थी। इन दोनों ने 90 के दशक और 2000 में कई शानदार फिल्मों के जरिए दर्शकों का दिल जीता। इनके कल्ट मूवीज में हर दिल जो प्यार करेगा, चोरी चोरी चुपके चुपके, दिल ने जिसे अपना कहा और जान ए मन जैसी कई फिल्मों के नाम शामिल हैं।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal