7.06 करोड़ से बनेगा हाईटेक सेंटर, छात्र सीख सकेंगे रोबोटिक्स और इलेक्ट्रिक व्हीकल टेक्नोलॉजी

बदलती तकनीक और तेजी से विकसित हो रही इंडस्ट्री के दौर में अब आगरा के छात्रों को भी अत्याधुनिक तकनीकी प्रशिक्षण का मौका मिलने जा रहा है। राजकीय पॉलिटेक्निक मनकेंडा में 7.06 करोड़ रुपये की लागत से सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित किया जाएगा, जहां छात्रों को इंडस्ट्री 4.0 के तहत इलेक्ट्रिक व्हीकल और एडवांस टेक्नोलॉजी में प्रशिक्षण दिया जाएगा।

नोडल अधिकारी डॉ. एसएच अब्बास ने बताया कि इस परियोजना का प्रस्ताव शासन से मंजूर हो चुका है। टाटा व भारत सरकार के सहयोग से इसे विकसित किया जाएगा। इसका मुख्य उद्देश्य छात्रों को आधुनिक औद्योगिक जरूरतों के साथ तैयार करना है। इस सेंटर में एफएमएस लैब, ऑटो एमआरओ सेक्शन, इलेक्ट्रिक व्हीकल (ईवी) के दो सेक्शन, मिलिंग मशीन, सीएनसी लैब, हाइड्रोलिक प्रेस, पेंट बूथ, एफएबी लैब, इंटीग्रेटेड रोबोटिक सेल, लेजर कटर और एआर-वीआर सेटअप जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इसके साथ ही क्वालिटी कंट्रोल लैब, प्लंबिंग सेटअप, पीडीडी, पीवीए और पीएलएम लैब भी बनाई जाएंगी, जिससे छात्रों को डिजाइन, मैन्युफैक्चरिंग और ऑटोमेशन की बेहतर समझ मिल सके।

सेंटर में स्मार्ट क्लासरूम भी तैयार किए जाएंगे, जहां छात्रों को थ्योरी के साथ-साथ प्रैक्टिकल भी कराया जाएगा। इंडस्ट्री 4.0 के तहत उन्हें रोबोटिक्स, ऑटोमेशन, डिजिटल मैन्युफैक्चरिंग और आधुनिक मशीनों के संचालन की ट्रेनिंग दी जाएगी, जिससे वे वैश्विक स्तर की तकनीकों को समझ पाएंगे।

रोजगार के बढ़ेंगे अवसर
सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के माध्यम से छात्रों को इंडस्ट्री से जुड़ा व्यावहारिक प्रशिक्षण मिलेगा, जिससे उनके रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। इंटरनेशनल और मॉडर्न तकनीक से वे परिचित होंगे। प्रशिक्षित छात्र आसानी से नौकरी प्राप्त कर सकेंगे। अपना स्टार्टअप भी खोल सकते हैं। पॉलिटेक्निक में प्रवेश प्रक्रिया भी जारी है। संयुक्त प्रवेश परीक्षा पॉलिटेक्निक के लिए आवेदन किए जा रहे हैं, जिसकी अंतिम तिथि 30 अप्रैल निर्धारित की गई है। इच्छुक छात्र www.jeecup.admissions.nic.in पर आवेदन कर सकते हैं।

तीन सरकारी और एक एडेड कॉलेज
गवर्नमेंट पॉलीटेक्निक शमसाबाद
गवर्नमेंट पॉलीटेक्निक मनकेंडा
गवर्नमेंट लेदर इंस्टीट्यूट, आगरा
आरबीएस पॉलीटेक्निक, बिचपुरी (एडेड)

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com