योगी कैबिनेट की बैठक आज, निजी बिजनेस पार्क सहित इन 23 प्रस्तावों को मिल सकती है मंजूरी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में सोमवार को कैबिनेट की बैठक होगी। इसमें कुल 23 प्रस्ताव रखे जाने की संभावना है। उत्तर प्रदेश निजी बिजनेस पार्क विकास योजना-2025 के पास हो सकता है। अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास विभाग के 10 प्रस्ताव, अवास एवं शहरी नियोजन विभाग के तीन प्रस्ताव भी पास होने की संभावना है। माध्यमिक शिक्षा विभाग में लिपिकीय संवर्ग के पुनर्गठन का प्रस्ताव भी रखा जाएगा।

आयोगों और निगमों में भाजपा कार्यकर्ताओं का मनोनयन जल्द
भाजपा ने क्षेत्रवार जिला कमेटियों के गठन के लिए बैठकों के बीच अब प्रदेश कमेटी के गठन और निगमों, आयोगों व बोर्डों में कार्यकर्ताओं के मनोनयन की कवायद शुरू कर दी है। इसी क्रम में रविवार को प्रदेश कोर कमेटी की उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के आवास पर हुई बैठक में चर्चा की गई। प्रदेश कमेटी में महामंत्री, उपाध्यक्ष, मंत्री, क्षेत्रीय अध्यक्षों और मीडिया टीम समेत सभी मोर्चों और प्रकोष्ठों के प्रदेश पदाधिकारियों के प्रस्तावित नामों पर चर्चा हुई। हालांकि, इन नामों पर अंतिम मुहर दिल्ली में होने वाली बैठक में लगेगी।

बैठक में प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह और उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य भी शामिल हुए। करीब एक घंटे तक संगठन और मनोनयन पर गहन मंथन हुआ। सूत्रों के मुताबिक बैठक में सभी का सुझाव था कि जिन कार्यकर्ताओं को संगठन में जगह नहीं मिल पा रही है या जिन्हें संगठन से हटाया जाना है उन्हें निगमों, बोर्डों और आयोगों में समायोजित किया जाना चाहिए। सूत्र बताते हैं कि पहले यह बैठक सीएम योगी आदित्यनाथ के आवास पर होनी थी लेकिन मुख्यमंत्री के शहर से बाहर होने से यह बैठक ब्रजेश पाठक के आवास पर हुई।

बैठक के बाद प्रदेश अध्यक्ष ने फोन से सीएम को बैठक में हुई चर्चा की जानकारी दी। बैठक के बाद प्रदेश अध्यक्ष पूरी सूची लेकर दिल्ली रवाना हो गए हैं। चूंकि इस समय संसद सत्र चल रहा है इसलिए प्रदेश अध्यक्ष दिल्ली में ही रहेंगे। माना जा रहा है कि दो-तीन दिन में दिल्ली में भी संगठन के प्रदेश स्तरीय कमेटी के गठन और मनोनयन संबंधी मुद्दों पर सभी प्रस्तावित नामों को अंतिम रूप दिया जाएगा। इसके बाद सूची जारी की जाएगी।

सीएम का अफसरों को अल्टीमेटम, पीएम की जनसभा में न हो चूक
प्रधानमंत्री की जनसभा से पहले सीएम योगी आदित्यनाथ रविवार को नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंचे। रविवार को मुख्यमंत्री लगभग 3 घंटे तक एयरपोर्ट परिसर में रहे। उन्होंने लोकार्पण की तैयारियों का जायजा लिया साथ ही पीएम की जनसभा के लिए तैयार किए गए पांडाल में सुरक्षा के इंतजाम देखे। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सीधा अल्टीमेटम दिया है कि प्रधानमंत्री की जनसभा के दौरान किसी तरह की चूक बिल्कुल नहीं हो। अधिकारी खुद सुरक्षा इंतजाम संभालें। वहीं जनसभा में आने वाले आमजनों को बिल्कुल भी असुविधा नहीं होने के निर्देश दिए गए।

प्रधानमंत्री मोदी 28 मार्च को नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का लोकार्पण करेंगे। कार्यक्रम की तैयारियां एक सप्ताह से जारी हैं। जिसे परखने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को जेवर पहुंचे थे। सीएम ने सबसे पहले एयरपोर्ट के अंदर पैसेंजर टर्मिनल, कार्गो टर्मिनल और एयरपोर्ट की अन्य सुविधाओं की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने रैली स्थल, पार्किंग व्यवस्था, कार्यक्रम स्थल तक आने वाले विभिन्न मार्गों, हेलीपैड सहित सभी प्रमुख स्थलों पर की तैयारियों की जानकारी ली और अधिकारियों को दिशानिर्देश दिए।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com