आपने बैंगन का भर्ता तो कई बार खाया होगा, लेकिन क्या कभी आग पर भूने हुए आलू और टमाटर का देसी भर्ता चखा है?
गांव के चूल्हे जैसी सोंधी-सोंधी महक वाला यह भर्ता इतना स्वादिष्ट और तीखा होता है कि भूख न होने पर भी इंसान दो रोटी ज्यादा ही खा लेता है। सबसे अच्छी बात यह है कि इसे बनाना बेहद आसान है और इसके लिए आपको किसी महंगे मसाले की भी जरूरत नहीं है। आइए जानते हैं इसे बनाने का एकदम आसान तरीका।
आलू-टमाटर का भर्ता बनाने के लिए सामग्री
आलू: 3-4 (उबले हुए)
टमाटर: 3-4 (लाल और पके हुए)
लहसुन: 5-6 कलियां
हरी मिर्च: 2-3 (स्वादानुसार)
प्याज: 1 बड़ा (बारीक कटा हुआ)
हरा धनिया: मुट्ठी भर (बारीक कटा हुआ)
सरसों का तेल: 1 से 2 बड़े चम्मच (कच्चा तेल असली स्वाद के लिए)
नींबू का रस: आधा चम्मच
नमक: स्वादानुसार
आलू-टमाटर का भर्ता बनाने की विधि
सबसे पहले टमाटर, हरी मिर्च और लहसुन की कलियों पर हल्का सा कुकिंग ऑयल लगा लें। अब गैस चूल्हे पर एक जाली रखें और इन सभी चीजों को मध्यम आंच पर भूनें। इन्हें तब तक घुमा-घुमा कर सेंकें जब तक कि इनका बाहरी छिलका काला न पड़ने लगे। आग पर भूनने से इसमें एक बेहतरीन ‘स्मोकी फ्लेवर’ आ जाता है, जो इस भर्ते की असली जान है।
चूंकि, कच्चे आलू गैस पर भूनने में बहुत समय लेते हैं और अंदर से कच्चे रह सकते हैं, इसलिए उबले हुए आलुओं का इस्तेमाल करना सबसे अच्छा रहता है। उबले आलुओं को भी 2-3 मिनट के लिए गैस की जाली पर अलट-पलट कर सेंक लें, ताकि उनमें भी वह तंदूरी और सोंधी खुशबू आ जाए।
जब भुनी हुई चीजें हल्की ठंडी हो जाएं, तो टमाटर और लहसुन का जला हुआ काला छिलका धीरे-धीरे उतार लें। अब एक बड़े बर्तन में भुने हुए आलू, टमाटर, लहसुन और हरी मिर्च को एक साथ डालें। इन्हें अपने हाथों से या मैशर की मदद से अच्छी तरह मसल लें। इसे मिक्सी में न पीसें, क्योंकि हाथों से मैश करने पर भर्ते का असली टेक्सचर आता है।
अब इस तैयार मिश्रण में बारीक कटा हुआ प्याज, ताजा हरा धनिया और नमक डालें। इस भर्ते को लाजवाब बनाने का सबसे बड़ा सीक्रेट है ‘कच्चा सरसों का तेल’। इसमें 1-2 चम्मच कच्चा सरसों का तेल और थोड़ा सा नींबू का रस डालकर सबको अच्छी तरह मिला लें।
लीजिए, आपका तीखा, चटपटा और स्मोकी आलू-टमाटर का भर्ता बनकर बिल्कुल तैयार है। इसे गर्मा-गर्म घी लगी रोटियों, सत्तू के पराठों या फिर सादे दाल-चावल के साथ परोसें।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal