नरसिंहपुर के गोटेगांव थाना क्षेत्र के रामनिवारी स्थित जैन मंदिर में देर रात चोरी हो गई। चोर चार ताले तोड़कर दो मूर्तियां, 11 छत्र, दो सिंहासन और 50 हजार रुपये नगद समेत करीब 6–7 लाख का सामान लेकर फरार हो गए। पुलिस जांच में जुटी है।
नरसिंहपुर जिले के गोटेगांव थाना क्षेत्र के ग्राम रामनिवारी स्थित एक जैन मंदिर में मंगलवार देर रात बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है। अज्ञात चोर मंदिर के ताले तोड़कर मूर्तियां, छत्र, सिंहासन और नगदी लेकर फरार हो गए। चोरी गई सामग्री की कीमत करीब 6 से 7 लाख रुपये बताई जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
जानकारी के अनुसार, ग्राम रामनिवारी स्थित जैन मंदिर में देर रात करीब 2 से 3 बजे के बीच चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया। चोरों ने मंदिर के मुख्य द्वार सहित अंदर लगे कुल चार ताले तोड़ दिए। इसके बाद मंदिर में रखे धार्मिक और कीमती सामान समेटकर फरार हो गए।
मंदिर से यह सामान हुआ चोरी
मंदिर प्रबंधन के मुताबिक, चोर यहां से भगवान की दो मूर्तियां, 11 छत्र, दो सिंहासन और करीब 50 हजार रुपये नकद लेकर भाग निकले। चोरी गई धार्मिक सामग्री और नगदी की कुल कीमत लगभग 6 से 7 लाख रुपये आंकी जा रही है।
सुबह मंदिर पहुंचे श्रद्धालुओं को लगी जानकारी
घटना का पता बुधवार सुबह तब चला, जब रोजाना की तरह श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचे। मंदिर के ताले टूटे हुए देखकर उन्हें चोरी की आशंका हुई। अंदर जाकर देखने पर मूर्तियाँ और अन्य सामान गायब मिले। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
तीन ताले भी साथ ले गए चोर
बताया जा रहा है कि चोर मंदिर के तीन ताले भी अपने साथ ले गए हैं। इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि वारदात सुनियोजित तरीके से अंजाम दी गई है और चोर पहले से मंदिर की गतिविधियों पर नजर रखे हुए थे।
पुलिस ने शुरू की जांच
सूचना मिलने पर गोटेगांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों का सुराग लगाया जा सके। घटना के बाद जैन समाज और ग्रामीणों में आक्रोश है। लोगों ने पुलिस से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी गया सामान बरामद करने की मांग की है।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal