मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी आज राज्य की 602 गोशालाओं को सहायता राशि वितरित करेंगे। इसे लेकर राज्यस्तरीय कार्यक्रम गांव भटगांव स्थित धर्मार्थ गोशाला में होगा। कार्यक्रम को लेकर प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए हैं।
इससे पहले कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर सोमवार को भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली व उपायुक्त सुशील सारवान आयोजन स्थल का दौरा कर चुके हैं। उन्होंने मंच व्यवस्था, लोगों के बैठने की व्यवस्था, सुरक्षा, पार्किंग, पेयजल, शौचालय तथा अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा की। प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि यह इस क्षेत्र के लोगों के लिए बहुत ही खुशी की बात है कि होली के पर्व पर प्रदेश के मुख्यमंत्री उनके बीच आ रहे हैं।
पुलिस प्रशासन की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था
डीसीपी कुशल सिंह ने बताया कि कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल तैनात है। यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया गया। प्रवेश और निकास मार्गों को अलग-अलग निर्धारित किया गया है। आमजन से अपील की है कि वो कार्यक्रम के दौरान जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और प्रशासन का सहयोग करें।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal