बेहोश समझ रहे तेंदुए ने अचानक मचा दी अफरा-तफरी, रेस्क्यू वीडियो ने उड़ाए लोगों के होश

वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि बिजनौर में लोहे के जाल में फंसा एक तेंदुआ रेस्क्यू के दौरान वन दरोगा पर झपट पड़ता है। बता दें कि वीडियो में तेंदुए के हमले के अलावा एक कुत्ते का रिएक्शन भी लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच रहा है।

Bijnor Leopard Rescue Viral Video: तेंदुआ एक अत्यंत फुर्तीला, चालाक और खतरनाक शिकारी होता है, जो अपने शिकार पर घात लगाकर हमला करने में माहिर होता है। आमतौर पर ये इंसानों से बचते हैं, लेकिन घायल होने पर आदमखोर बन सकते हैं। हाल ही में सोशल मीडिया पर बिजनौर में हुए एक रेस्क्यू ऑपरेशन का वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो में लोहे के जाल में फंसा एक तेंदुआ रेस्क्यू के दौरान वन दरोगा पर झपट पड़ता है। बता दें कि वीडियो में तेंदुए के हमले के अलावा एक कुत्ते का रिएक्शन भी लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच रहा है।

वायरल वीडियो बिजनौर जिले के अकबरपुर चौगावां गांव (जीबाबाद थाना क्षेत्र) का है। यहां एक तेंदुआ लोहे की जंजीर (शिकंजे) में फंस जाता है। तेंदुआ जितना निकलने की कोशिश करता उतना शिकंजा कसता जाता। दर्द से तड़पते तेंदुए की दहाड़ सुनकर ग्रामीणों में दहशत फैल जाती है और सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम रेस्क्यू के लिए वहां पहुंच जाती है। वीडियो में देखा जा सकता है कि, रेस्क्यू के दौरान तेंदुआ जमीन पर शांत पड़ा था, लेकिन जैसे ही उसे थोड़ी ढील मिलती है वो आक्रामक हो जाता है।

तेंदुआ पहले बेहोश सा लगता है। लेकिन अचानक वह लड़खड़ाते हुए उठ कर वहां खड़े वन विभाग कर्मचारी की तरफ दौड़ पड़ता है, जो गनीमत से लंबी छलांग लगाकर अपनी जान बचाते नजर आते हैं। इसी बीच वहां मौजूद एक कुत्ता भी हीरो बनने के लिए तेंदुए की तरफ बढ़ता है। लेकिन जैसे ही वह देखता है कि इंसान भाग रहे हैं, तो वह भी दुम दबाकर उल्टे पैर भाग निकलता है।

वन विभाग के मुताबिक, करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद तेंदुए को ट्रैंकुलाइज (बेहोश) कर काबू में किया गया। बता दें कि तेंदुए को दो दिन निगरानी में रखा जाएगा। शिकंजे में फंसने के कारण उसके शरीर और पंजों पर जगह-जगह चोट के निशान थे, जिनका इलाज किया गया जाएगा।

वन विभाग ने सख्त लहजे में ग्रामीणों से कहा है कि, खेतों में जंगली जानवरों के लिए फंदे या शिकंजे लगाना अपराध है। अगर भविष्य में ऐसा पाया गया, तो खेत मालिक के खिलाफ वन्य जीव संरक्षण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज होगा।

तेंदुए रेस्क्यू के इस वीडियो को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (ट्विटर) @gharkekalesh पर शेयर किया गया है। जिसे अब तक कई लोगों ने देखा और लाइक भी किया है।

वीडियो देखने के बाद लोग तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं भी दे रहे हैं। ऐसे में एक यूजर ने लिखा, दरोगा जी ने क्या लंबी छलांग लगाई है, जान बची तो लाखों पाए। दूसरे यूजर ने कहा, डोगेश भाई कंफ्यूज हैं कि हिम्मत दिखाएं या भाग जाएं।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com