शहडोल में माता शबरी प्रतिमा का अनावरण आज, CM 767 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन भी करेंगे

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रविवार को शहडोल जिले के जयसिंहनगर क्षेत्र स्थित सीतामढ़ी धाम, ग्राम गंधिया में माता शबरी की प्रतिमा का अनावरण करेंगे। सीतामढ़ी धाम श्रीरामचंद्र पथगमन मार्ग का महत्वपूर्ण स्थल है। मान्यता है कि वनगमन के दौरान भगवान श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण ने यहां विश्राम किया था। यह स्थान उन 248 स्थलों में शामिल है, जहां भगवान श्रीराम के ठहरने की धार्मिक परंपरा मानी जाती है।

गांव में माता सीता की रसोई और भगवान श्रीराम का मंदिर भी स्थित है। मुख्यमंत्री इसी कार्यक्रम में 767 करोड़ रुपये की लागत से जुड़े 142 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन करेंगे। इनमें 633 करोड़ रुपये की लागत से बने 82 कार्यों का लोकार्पण किया जाएगा। ये कार्य लोक निर्माण विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, नगरीय प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग, ग्रामीण सड़क विकास प्राधिकरण, जनजातीय कार्य विभाग, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, जल संसाधन विभाग और पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी से जुड़े हैं।

134 करोड़ के कार्यों का होगा भूमिपूजन
इसके अलावा मुख्यमंत्री 134 करोड़ रुपये की लागत वाले 60 निर्माण कार्यों का भूमिपूजन करेंगे। इनमें जनजातीय कार्य, नगरीय प्रशासन, भवन विकास निगम, लोक निर्माण विभाग, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, ग्रामीण सड़क विकास प्राधिकरण, स्वास्थ्य विभाग और विद्युत वितरण कंपनी के कार्य शामिल हैं।

धनपुरी में वॉटर पार्क का लोकार्पण
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव धनपुरी नगरपालिका द्वारा 20 करोड़ रुपये की लागत से बनाए गए नवीन वॉटर पार्क का भी लोकार्पण करेंगे। वॉटर पार्क में क्लब हाउस, स्विमिंग पूल और बच्चों व युवाओं के लिए मनोरंजन की सुविधाएं उपलब्ध होंगी। स्विमिंग पूल का निर्माण मिनी ओलंपिक मानकों के अनुसार किया गया है।

हितग्राहियों को मिलेंगे लाभ
कार्यक्रम के दौरान एसईसीएल द्वारा अधिग्रहित भूमि के 15 हितग्राहियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए जाएंगे। इसके साथ ही वनाधिकार पट्टों का वितरण, ग्रामीण आजीविका मिशन के स्व-सहायता समूहों को सीसीएल, महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा पोषण किट, स्पॉन्सरशिप योजना के लाभ और श्रम विभाग द्वारा दुर्घटना एवं मृत्यु मामलों में राहत राशि भी दी जाएगी।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com