दिन में शीत दिवस तो रात में शीतलहर की बनी स्थिति

पश्चिमी विक्षोभ गुजरते ही बर्फीली हवाओं के कहर से प्रदेश में शनिवार को शीत दिवस व शीतलहर की स्थिति बनी रही। इस दौरान कुछ जगहों पर पाला भी जमा। मौसम विशेषज्ञ के अनुसार यह हाड़ कंपकंपाने वाली ठंड दो दिन और सताएगी। 26 जनवरी की रात एक विक्षोभ सक्रिय होगा, जिससे मौसम में बदलाव आएगा।

मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन ने बताया कि शुक्रवार को पर्वतीय क्षेत्रों पर भारी बर्फबारी और मैदानी राज्यों में हल्की से मध्यम बारिश बूंदाबांदी के साथ ओलावृष्टि के बाद जैसे ही पश्चिमी मौसम आगे निकला, वैसे ही उत्तरी बर्फीली सर्द हवाओं ने कहर बरपाना शुरू कर दिया। हरियाणा, एनसीआर व दिल्ली में एक बार फिर से हाड़ कंपा देने वाली ठंड ने अपना रौद्र रूप धारण कर लिया है।

उत्तरी हवाओं का रुख सीधे मैदानी राज्यों विशेषकर हरियाणा, एनसीआर व दिल्ली पर होने से शीतलहर से गंभीर शीतलहर और पाला जमने की गतिविधियों को दर्ज किया गया है। प्रदेश में 10-20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज गति से उत्तरी बर्फीली हवाओं के चलने से वातावरण में प्रचुर मात्रा में नमी होने के बावजूद सुबह कोहरा नहीं छाया। इस वजह से शीतलहर के असर से प्रदेश में अधिकतर स्थानों पर रात्रि तापमान में भारी गिरावट और दिन का पारा चमकदार धूप के बावजूद लुढ़क गया है। इस दौरान दिन के तापमान में 5.5 डिग्री और रात के तापमान में 11 डिग्री तक गिरावट दर्ज की गई।

आगे ऐसा रहेगा मौसम
हरियाणा, एनसीआर व दिल्ली पर अगले दो दिनों तक लगातार हाड़ कंपाने वाली ठंड का सिलसिला जारी रहेगा। हरियाणा एनसीआर दिल्ली में अधिकतर स्थानों पर रात्रि तापमान 10 डिग्री से नीचे और पश्चिमी जिले सिरसा, फतेहाबाद, हिसार व भिवानी और दक्षिणी जिलों चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम व नूंह में कुछ स्थानों पर रात्रि तापमान जमाव बिंदु और आसपास बने की संभावना है। यहां कुछ स्थानों पर पाला जमने और शीतलहर से गंभीर शीतलहर की स्थिति देखने को मिलेगी।

भारतीय मौसम विभाग ने प्रदेश में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं, 26 जनवरी शाम को उत्तरी पर्वतीय क्षेत्रों पर एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से प्रदेश में 26 जनवरी रात और 27 व 28 जनवरी के दौरान बिखराव वाली हल्की बारिश की संभावना बन रही है।

ये रहा अधिकतम व न्यूनतम तापमान
अंबाला-15.5-6.2
हिसार-15.4-1.6
करनाल-16.6-4.0
नारनौल-15.0-2.5
रोहतक-15.7-4.7
भिवानी-13.5-3.0
गुरुग्राम-16.5-7.9
जींद-14.9-4.4
नूंह-17.1-8.3
पानीपत-15.2-5.4
सिरसा-15.3-2.7

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com