दो से तीन दिन में दिल्ली-NCR में मानसून की एंट्री, यलो अलर्ट जारी

भारत के ज्यादातर हिस्सों में मानसून दस्तक दे चुका है। अब इसकी एंट्री दिल्ली और हरियाणा में होने जा रही है। प्री मानसून बारिश से कुछ राहत जरूर मिली है। कई राज्य बारिश से बेहाल हो गए हैं। जिससे गर्मी से लोगों को बड़ी राहत मिली है।

राजधानी में कुछ दिनों से मौसम का मिजाज बदला हुआ है। ऐसे में 23 जून तक लगातार झमाझम बारिश होगी। मौसम विभाग ने बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है।

दिल्ली-एनसीआर में बारिश का अलर्ट
मानसून अगले दो से तीन दिनों में दिल्ली, हरियाणा पहुंचेगा। इन दिनों में बारिश के साथ ही आंधी चलने की भी संभावना है। ऐसे में अधिकतम तापमान 34 से 36 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। हालांकि, यहां मानसून की एंट्री 22-23 जून तक हो सकती है। वहीं, कुछ दिनों से लोगों को भीषण गर्मी से कुछ राहत तो जरूर मिली है, लेकिन उमस बरकरार है।

चार दिन बाद गर्मी से मिलेगी पूरी राहत?
दिल्ली-एनसीआर के विभिन्न हिस्सों में 24 जून को भी मौसम खराब रह सकता है। दोनों ही दिन तेज हवाओं और गरज चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है। हालांकि, इसको लेकर किसी प्रकार का अलर्ट जारी नहीं किया गया है। दोनों ही दिन हवा की स्पीड 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे देखी जाएगी। आंधी के दौरान हवा की स्पीड 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।

आज दिल्ली में ऐसा रहेगा मौसम का हाल
वहीं, शुक्रवार को आसमान में आमतौर पर बादल छाए रहेंगे। ऐसे में बहुत हल्की से हल्की बारिश गरज के साथ होगी। साथ ही, बिजली चमकने के साथ तेज हवाएं 30-40 किमी प्रति घंटा की गति से चलेगी, जो शाम व रात के समय गरज के साथ 50 किमी प्रति घंटे की गति तक पहुंच जाएगी। ऐसे में अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 37 और 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा।

गुरुवार को रही चुभन भरी गर्मी
इधर, गुरुवार को कई इलाकों में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। दिन के समय खासी चुभन भरी गर्मी महसूस की गई। दिनभर आसमान साफ रहने व तेज धूप निकलने के कारण लोगों का हाल बेहाल रहा। ऐसे में लोग गर्मी से हलकान दिखे। लोग घर या दफ्तर से बाहर निकलते ही पसीना पोंछते नजर आए। ऐसे में अधिकतम तापमान सामान्य से 2.4 डिग्री कम के साथ 36.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि न्यूनतम तापमान भी सामान्य से 0.3 कम के साथ 27.2 डिग्री दर्ज हुआ। बीते 24 घंटे में हवा में नमी का न्यूनतम स्तर 54 फीसदी रहा।

दिल्ली में यहां दर्ज हुआ सबसे अधिक तापमान
लोधी रोड में सबसे अधिक तापमान रहा। यहां अधिकतम तापमान 35.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रिज में 34.8, आया नगर में 35. 5 और पालम में 34.5 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रहा। वहीं, रिज में न्यूनतम तापमान अन्य केंद्र के मुताबिक सबसे कम रहा। यहां न्यूनतम तापमान 24.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। आया नगर में 27. 0, पालम में 26.2 और लोधी रोड में 25.6 डिग्री दर्ज हुआ।

दो से तीन दिन में दिल्ली में मानसून
दक्षिण पश्चिम मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है। इसके साथ ही पिछले दो दिनों में यह मध्य, पश्चिम और पूर्वी भारत के ज्यादातर हिस्सों में पहुंच गया है। मौसम विभाग के अनुसार मानसून के अगले दो से तीन दिनों में दिल्ली, हरियाणा और पंजाब के कुछ हिस्से में पहुंचने का अनुमान है। मौसम विभाग ने कहा है कि 20 से 25 जून के बीच हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश, पूर्वी राजस्थान, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख सहित पूरे उत्तर भारत में बारिश हो सकती है। वहीं, राजस्थान और श्रीनगर में गर्मी से लोग अब भी बेहाल हैं। झारखंड में भारी बारिश से चार लोगों की मौत हो गई और बुनियादी ढांचे को भारी नुकसान पहुंचा है।

जलभराव से निपटने की तैयारी
राजधानी में 71 जगहों पर बड़े पैमाने पर जलभराव होता है। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) व ट्रैफिक पुलिस के संयुक्त सर्वे में इन जगहों का पता चला है। दिल्ली में अगले सप्ताह मानसून दस्तक दे सकता है। ऐसे में इंतजाम परखने के लिए पीडब्ल्यूडी के उप सचिव एमके निखिल की ओर से लेटर जारी कर शुक्रवार को उच्चस्तरीय बैठक बुलाई गई है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com