पंजाब: कोटकपूरा में गुटका साहिब को किया अग्नि भेंट

अग्नि भेंट किए गुटका साहिब को पुलिस ने आदर सत्कार के साथ गुरुद्वारा साहिब में पहुंचाया। मौके पर पहुंचे पंथक नेताओ ने पुलिस की कार्यवाही पर सन्तुष्टि जताई।

कोटकपूरा के एक घर में श्री गुटका साहिब को अग्नि भेंट करने का मामला सामने आया है। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस माैके पर पहुंची और एक महिला को गिरफ्तार कर लिया है। महिला ने घर में बाबा वडभाग सिंह का स्थान बनाया हुआ था। वहीं अग्नि भेंट किए गुटका साहिब को पुलिस ने आदर सत्कार के साथ गुरुद्वारा साहिब में पहुंचाया। मौके पर पहुंचे पंथक नेताओ ने पुलिस की कार्यवाही पर सन्तुष्टि जताई। गिरफ्तार महिला की पहचान अमनदीप कौर के रूप में हुई है।

जानकारी के मुताबिक कोटकपूरा के सरकारी गर्ल्स स्कूल के पास गली में रहने वाली एक महिला के घर में बाबा वडभाग सिंह जी का धार्मिक स्थान बना हुआ है, जहां निशान साहिब भी स्थापित है। आरोप है कि घर की महिला ने धार्मिक स्थान के गुटका साहिब को अग्नि भेंट कर दिया। जब इसकी सूचना पुलिस को मिली तो पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और धार्मिक संगठनों के नेताओं की मौजूदगी में अग्नि भेंट किए गुटका साहिब को सम्मान के साथ गुरुद्वारा साहिब में पहुंचाया।

मौके पर पहुंचे बहबल इंसाफ मोर्चा के नेता सुखराज सिंह ने पुलिस की कार्रवाई पर संतुष्टि जताई और कहा कि लोग नासमझी के कारण ऐसी घिनौनी हरकत कर रहे हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि अगर वे धार्मिक ग्रंथों का सम्मान नहीं कर सकते तो उन्हें अपने घरों में धार्मिक ग्रंथ नहीं सजाने चाहिए।

इस मामले में एसपी जसमीत सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस ने महिला को गिरफ्तार कर लिया और उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com