कानपुर के चौबेपुर में आठ पुलिसकर्मियों की हत्या के मुख्य आरोपी विकास दुबे के मारे जाने के बावजूद पुलिस की तलाश अभी पूरी नहीं हुई है।
पुलिस अब उन बचे हुए 12 शातिरों की तलाश कर रही है जिन्होंने बिकरू गांव में 2 जुलाई गुरुवार की रात दिल दहला देने वाली घटना को अंजाम दिया था।
अपर पुलिस महानिदेशक कानून व्यवस्था प्रशांत कुमार ने शुक्रवार को कहा कि बिकरू कांड को अंजाम देने के मामले में 21 अभियुक्तों को नामजद किया गया था जबकि 60 से 70 अन्य अभियुक्त भी पुलिस के रडार पर हैं।
उन्होंने बताया कि विकास दुबे समेत छह नामजद अभियुक्तों को अब तक ढेर किया जा चुका है जबकि तीन को गिरफ्तार किया गया है। कानपुर एनकाउंटर में शामिल 12 शातिर अब भी खुली हवा में सांस ले रहे हैं।
पुलिस इन शातिरों की तलाश में जुटी है। उम्मीद है कि उन्हें भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। आठ पुलिसकर्मियों की हत्या के मुख्य आरोपी विकास को गुरुवार को उज्जैन में गिरफ्तार किया गया था।
पुलिस और एसटीएफ की टीम उसे लेकर कानपुर आ रही थी। भौती के निकट पुलिस का वाहन पलट गया। बताया जा रहा है कि इस बीच विकास एक घायल जवान की पिस्टल लेकर भागा।
पुलिस ने उसे आत्मसमर्पण करने को कहा लेकिन उसने नजरअंदाज करते हुए पुलिस बल पर गोली चलाई।
जिससे चार स्थानीय पुलिस के जवान और दो एसटीएफ के जवान घायल हो गए। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में विकास की गोली लगने से मौत हो गई।