उत्तर भारत के साथ-साथ जम्मू-कश्मीर शीत लहर की चपेट में आ गया है। कई हिस्सों में घने कोहरे, बादलों और सर्द हवाओं से जनजीवन प्रभावित है।
कश्मीर में डल झील के साथ अन्य कई जल स्थल जम जाने से पर्वतीय क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति में दुश्वारियां आने लगी हैं। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार रविवार को जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में मौसम साफ रहेगा। इस दौरान कश्मीर संभाग में सर्द हवाएं जारी रह सकती हैं।
अधिकतर जिलों में दिन और रात के तापमान में गिरावट जारी है। लद्दाख का द्रास क्षेत्र न्यूनतम तापमान -28.6 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे ठंडा रहा। लेह में दिन का अधिकतम तापमान शून्य डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है।
श्रीनगर में न्यूनतम तापमान -5.8 डिग्री सेल्सियस के साथ शुक्रवार को सीजन में अब तक की सर्द रात रही। कश्मीर संभाग में चिल्ले कलां के बीच हड्डियां जमा देने वाली ठंड पड़ रही है। पिछले दिनों हुई बर्फबारी वाले इलाकों में जनजीवन अधिक प्रभावित है। सर्दी के कारण लोग जरूरी कार्यों के लिए ही बाहर निकल रहे हैं।
इधर, जम्मू समेत संभाग के कई हिस्सों में घने कोहरे के साथ बादल छाए रहे। यहां दिन का अधिकतम तापमान सामान्य से 7.3 डिग्री गिरकर 11.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बीती रात यहां का न्यूनतम तापमान 6.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। संभाग में न्यूनतम -1.1 डिग्री सेल्सियस के साथ भद्रवाह सबसे ठंडा रहा। बटोत में न्यूनतम तापमान 1.4, कटड़ा में 2.2 और बनिहाल में 2.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।