निर्भया कांड का जब-जब जिक्र होगा तब-तब लोग उस नाबालिग दुष्कर्मी को याद करेंगे जिसने उस बिटिया के साथ सबसे ज्यादा दरिंदगी की थी। आज वह लगभग 24 साल का हो गया है। गांव वालों को भी नहीं पता नहीं कि सजा काटने के बाद वह अब कहां है। गांव के लोग उस कांड को आज तक नहीं भूले हैं।

ये अलग बात है कि वक्त की धूल उनके गुस्से पर जम गई है। गांव के लोगों में जो आक्रोश था। वह अब शांत हो चुका है। उनका कहना है कि उसने जो किया वह गलत था, लेकिन अब वह यहां आए या न आए गांव के किसी भी व्यक्ति को इससे फर्क नहीं पड़ता।
निर्भया के साथ दरिंदगी करने वाले नाबालिग की मां रविवार को घर के बाहर शॉल ओढ़कर चारपाई पर लेटी थी। पूछने पर उन्होंने कहा कि पता नहीं बेटा कहां है।
जब से गया है, तब से आज तक बात नहीं हुई और न ही उसका चेहरा देखा है। बताया कि लगभग आठ साल का रहा होगा जब गांव के ही कुछ लोग दिल्ली में नौकरी कराने के लिए ले गए थे।
तीन चार महीने तक उसने घर पर पैसा भी भेजा, लेकिन उसके बाद पैसा भेजना भी बंद कर दिया। उसके बाद उसका कुछ पता नहीं चला। जब पुलिस घर आई तो पता चला कि उसने ऐसा किया है। हालांकि कुछ गांव वालों के मुताबिक उन्होंने पिछली ईद पर उसे घर में देखा था।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal