कुर्बानी का पर्व ईद-उल-अजहा (बकरीद) बुधवार को मनाई गई। पर्व के मौके पर मुस्लिम समुदाय के लोग शहर के ईदगाहों व मस्जिदों मे पहुंच कर नमाज अदा कर दुआएं मांगी गई।
नमाज अदा होने के बाद जगह-जगह बकरे की कुर्बानी दी गई। लोग एक-दूसरे से गले मिलकर सामाजिक एकता के साथ शुभकामनाएं देते रहे। पर्व के मौके पर मधुबनी विधायक समीर कुमार महासेठ स्थानीय हवाई अड्डा स्थित बड़ी ईदगाह के निकट पहुंच कर मुस्लिम समुदाय के लोगों से मिलकर बधाई दी। पर्व पर स्थानीय हवाई अड्डा स्थित बड़ी इदगाह, शेख टोली स्थित ईदगाह, बड़ा बाजार स्थित जामा मस्जिद, भौआड़ा स्थित मस्जिद, बाटा चौक सहित अन्य मस्जिदों में सुबह में निर्धारित समय पर नमाज अदा की गई। हवाई अड्डा स्थित बड़ी इदगाह के निकट मेला का नजारा भी देखा गया। बकरीद पर्व को लेकर बच्चों में खासा उत्साह देखा गया। बच्चे नए-नए पोशाक में काफी खुश नजर आ रहे थे। बकरीद पर मुस्लिम समुदाय के लोगों ने तरह-तरह के व्यंजनों का लुत्फ उठाया। घरों में उत्साह का माहौल बना रहा। बकरीद के इस मौके पर खुशनुमा माहौल में मुस्लिम समुदाय के यहां दिन भर अतिथियों की आवाजाही लगी रही। बकरीद को लेकर पुलिस प्रशासन की खास चौकसी देखी गई। शांतिपूर्ण माहौल में जिले भर में बकरीद पर्व मनाया गया।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal