जम्मू संभाग के कठुआ जिले के रसाना गांव में आठ वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म के बाद हत्या के आरोपितों के समर्थन में हुए प्रदर्शन में शामिल भाजपा के दो कैबिनेट मंत्रियों के इस्तीफे पर सोमवार को राज्यपाल एनएन वोहरा की मुहर लग सकती है। सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने रविवार को भाजपा के दोनों कैबिनेट मंत्रियों चंद्र प्रकाश गंगा व चौधरी लाल सिंह के इस्तीफे राज्यपाल को भेज दिए हैं। ये इस्तीफे शनिवार दोपहर भाजपा की बैठक के बाद प्रदेश अध्यक्ष सत शर्मा ने मुख्यमंत्री को सौंपे थे।

Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal
दोनों मंत्रियों के इस्तीफे मंजूर होने के बाद मुख्यमंत्री भाजपा के कैबिनेट मंत्रियों के विभागों के प्रभार पार्टी के अन्य मंत्रियों को देने संबंधी सरकारी आदेश जारी कर देंगी। इस्तीफा देने वाले भाजपा के कैबिनेट मंत्रियों के पास उद्योग व वन विभाग का प्रभार था। सूत्रों के अनुसार राज्य में एक तरफ राष्ट्रपति के दौरे तो दूसरी ओर दरबार मूव की तैयारियां भी चल रही हैं। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद 18 अप्रैल से राज्य के दो दिवसीय दौरे पर आ रहे हैं।
ऐसे हालात में मंत्रिमंडल विस्तार मई में सरकार के दरबार श्रीनगर में खुलने के बाद होने के आसार हैं। महबूबा मंत्रिमंडल में भाजपा के दो कैबिनेट व पीडीपी के एक कैबिनेट मंत्री की जगह खाली है। मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर दोनों सहयोगी पार्टियों में समन्वय बनाने के लिए अभी कुछ दिन लगेंगे। दो कैबिनेट मंत्रियों की जगह नए मंत्री बनाने के साथ भाजपा मंत्रिमडल में अपने कुछ पुराने चेहरों को भी बदल सकती है।