अमेरिका ने रूस से संबंधित अपने प्रतिबंधों की सूची से चार भारतीय कंपनियों के नाम हटा दिए हैं। इन कंपनियों पर रूस के सैन्य-औद्योगिक अड्डे को एडवांस तकनीक और उपकरणों की आपूर्ति करने के आरोप लगाए गए थे। अमेरिकी वित्त विभाग की विदेशी संपत्ति नियंत्रण कार्यालय की विशेष रूप से नामित नागरिक और प्रतिबंधित व्यक्तियों की सूची से इन कंपनियों के नाम हटाए गए हैं।
कौन-सी 4 कंपनियों को राहत?
वित्त विभाग की ओर से मंगलवार को साझा की गई जानकारी के अनुसार, जिन चार कंपनियों से प्रतिबंध हटाया गया है, उनमें हैदराबाद स्थित आरआरजी इंजीनियरिंग टेक्नोलाजीज प्राइवेट लिमिटेड, लोकेश मशीन लिमिटेड, अहमदाबाद स्थित गैलेक्सी बेयरिंग्स और नई दिल्ली स्थित शौर्य एयरोनाटिक्स प्राइवेट लिमिटेड शामिल हैं।
अमेरिका ने अक्टूबर 2024 में गैलेक्सी बेयरिंग्स लिमिटेड पर प्रतिबंध लगाया था। उस पर रोलर बेयरिंग्स और रोलर असेंबली समेत कई उच्च प्राथमिकता वाले दोहरे उपयोग वाले उपकरणों को रूसी कंपनियों को निर्यात करने का आरोप लगाया गया था। शौर्य एयरोनाटिक्स प्राइवेट लिमिटेड पर रूस को रडार उपकरण, रेडियो नौवहन सहायता उपकरण, रेडियो रिमोट कंट्रोल उपकरण और इलेक्ट्रिकल उपकरणों की खेप भेजने के आरोप थे।
आरआरजी इंजीनियरिंग टेक्नोलाजीज पर आरोप था कि उसने रूस स्थित आर्टेक्स लिमिटेड कंपनी को 100 से ज्यादा माइक्रोइलेक्ट्रानिक्स की खेप भेजी थी। जबकि लोकेश मशीन लिमिटेड पर रूस की कई विनिर्माण कंपनियों को मशीन टूल्स भेजने का आरोप लगाया गया था।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal