पंजाबवासियों के लिए एक बेहद अहम खबर है। गन्ना किसानों के बकाया भुगतान को लेकर 1 जुलाई को टांडा (उड़मुड़) में जालंधर-जम्मू नेशनल हाईवे को अनिश्चितकाल के लिए जाम करने का ऐलान किया गया है। इससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
जानकारी के अनुसार, दोआबा किसान समिति पंजाब के प्रदेश अध्यक्ष जंगवीर सिंह चौहान ने बताया कि गन्ना किसानों के बकाया भुगतान को लेकर 18 मई को जालंधर स्थित गन्ना विभाग के कार्यालय के बाहर धरना-प्रदर्शन किया गया था।
उस दौरान परियोजना अधिकारी और संबंधित विभाग ने आश्वासन दिया था कि 30 मई तक किसानों के खातों में 68.50 रुपये प्रति क्विंटल के हिसाब से 142 करोड़ रुपये की बकाया राशि जमा कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि एक माह बीत जाने के बावजूद किसानों के खातों में अब तक एक भी रुपया नहीं पहुंचा है। अधिकारियों की ओर से केवल आश्वासन दिए गए, जबकि उनके द्वारा बनाया गया नया पोर्टल भी पूरी तरह विफल साबित हुआ।
अब गन्ने की नई फसल तैयार होने वाली है, लेकिन किसानों को पिछली फसल का भुगतान भी नहीं मिला। इससे किसानों की आर्थिक स्थिति बेहद खराब हो चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार किसानों की मदद करने के बजाय उनका बकाया भुगतान भी नहीं कर रही है।
जंगवीर सिंह चौहान ने पंजाब सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि 30 जून तक किसानों के खातों में 68.50 रुपये प्रति क्विंटल के हिसाब से बकाया राशि जमा नहीं करवाई गई, तो 1 जुलाई को दोआबा किसान समिति पंजाब के कार्यकर्ता सड़कों पर उतरेंगे और उड़मुड़-टांडा स्थित जालंधर-जम्मू नेशनल हाईवे को अनिश्चितकाल के लिए जाम कर देंगे। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर पंजाब की अन्य सड़कों को भी जाम किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी पंजाब सरकार की होगी।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal