हाइड्रोजन ट्रेन से विकसित भारत को मिलेगी नई गति, जींद से PM मोदी ने हरियाणा की संस्कृति को बताया देश की पहचान

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को जींद रेलवे जंक्शन से देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर हरित परिवहन के नए युग की शुरुआत की। इसके बाद एकलव्य स्टेडियम में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि यह केवल एक ट्रेन नहीं, बल्कि विकसित भारत, आत्मनिर्भर भारत और ग्रीन एनर्जी की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है।

अपने संबोधन के दौरान प्रधानमंत्री ने जींद की संस्कृति, खान-पान और यहां की पहचान का भी विशेष रूप से उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि जब भी जींद की बात होती है तो यहां के प्रसिद्ध घेवर, बूरा और भैंस के दूध की मिठास याद आती है। पीएम मोदी के इस उल्लेख पर रैली स्थल पर मौजूद लोगों ने तालियों से उनका स्वागत किया।

प्रधानमंत्री ने स्वच्छता अभियान का जिक्र करते हुए कहा कि देशभर में चल रहे स्वच्छ भारत मिशन ने जन आंदोलन का रूप ले लिया है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं बल्कि हर नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने लोगों से अपने गांव, शहर और सार्वजनिक स्थलों को साफ-सुथरा रखने का आह्वान किया और कहा कि स्वच्छता विकसित भारत की नींव है।

पीएम मोदी ने कहा कि भारत तेजी से आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर और ग्रीन टेक्नोलॉजी की ओर बढ़ रहा है। हाइड्रोजन ट्रेन पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में नई क्रांति लाएगी तथा आने वाली पीढ़ियों को प्रदूषण मुक्त परिवहन का विकल्प प्रदान करेगी।

उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर हरियाणा में सड़क, रेलवे, शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास कार्य कर रही हैं। हाइड्रोजन ट्रेन परियोजना भारत को दुनिया के उन चुनिंदा देशों की श्रेणी में खड़ा करती है जहां इस आधुनिक तकनीक का उपयोग किया जा रहा है।

कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ने हरियाणा को विभिन्न विकास परियोजनाओं की सौगात भी दी। बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने प्रधानमंत्री का जोरदार स्वागत किया। जींद में आयोजित यह कार्यक्रम हरियाणा के विकास और देश की ग्रीन मोबिलिटी यात्रा में एक ऐतिहासिक अध्याय के रूप में देखा जा रहा है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com