हरियाणा सरकार ने प्रदेश के कैंसर मरीजों को बेहतर और आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में चंडीगढ़ में आयोजित एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक में अंबाला कैंसर अस्पताल में अत्याधुनिक PET-CT स्कैन मशीन की स्थापना को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने मुख्य रूप से स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ परियोजना की प्रगति और आवश्यक तैयारियों की समीक्षा की।
बैठक के दौरान कैंसर मरीजों को समय पर और उच्च गुणवत्ता वाली जांच सुविधा उपलब्ध कराने, डिजिटल तकनीक आधारित अत्याधुनिक PET-CT स्कैन मशीन स्थापित करने तथा मरीजों को यह सुविधा किफायती दरों पर उपलब्ध कराने के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। सरकार का उद्देश्य है कि प्रदेश के मरीजों को महंगी जांच के लिए अन्य राज्यों या निजी संस्थानों पर निर्भर न रहना पड़े।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अगले 15 दिनों के भीतर निविदा (टेंडर) की सभी शर्तें तैयार कर अनुमोदन के लिए प्रस्तुत की जाएं, ताकि मशीन की स्थापना की प्रक्रिया में किसी प्रकार की देरी न हो। उन्होंने स्पष्ट कहा कि परियोजना को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाए और सभी औपचारिकताएं समयबद्ध तरीके से पूरी की जाएं।
बैठक में इस बात पर भी जोर दिया गया कि अत्याधुनिक तकनीक से लैस PET-CT स्कैन मशीन के स्थापित होने से कैंसर की समय रहते और अधिक सटीक पहचान संभव होगी। इससे मरीजों के उपचार की गुणवत्ता में सुधार आएगा और इलाज की सफलता की संभावना भी बढ़ेगी।
सरकार का मानना है कि अंबाला कैंसर अस्पताल में यह सुविधा शुरू होने के बाद उत्तर हरियाणा सहित आसपास के क्षेत्रों के हजारों मरीजों को सीधा लाभ मिलेगा। साथ ही प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक आधुनिक एवं सुलभ बनाने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण उपलब्धि साबित होगी।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal