मूलचंद स्थित लाजपत भवन में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी व लोक सेवक मंडल के अध्यक्ष रहे गोपबंधु दास की प्रतिमा का सोमवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु अनावरण करेंगी।
लोकसेवक मंडल एक प्रतिष्ठित सामाजिक संस्था है, जिसकी स्थापना महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी लाला लाजपत राय ने समाज के गरीब, वंचित, अशिक्षित एवं पिछड़े वर्गों के उत्थान के उद्देश्य से की थी।
संस्था के मुताबिक दिल्ली में संसद भवन के अलावा कहीं भी उत्कलमणि गोपबंधु दास की प्रतिमा नहीं है। लाला लाजपत राय के आग्रह पर न केवल वे संस्था से जुड़े, बल्कि देश व समाज के उत्थान में अभूतपूर्व योगदान दिया।
संस्था के मुताबिक उत्कलमणि गोपबंधु दास ओडिशा के महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, समाज सुधारक, शिक्षाविद और पत्रकार थे। उनका जन्म नौ अक्टूबर 1877 को हुआ था। उन्होंने गरीबों, किसानों, अनाथों की सेवा में अपना जीवन समर्पित किया।
निस्वार्थ सेवा, त्याग और जनकल्याण के कारण उन्हें उत्कलमणि अर्थात ओडिशा का रत्न कहा जाता है। उनका जीवन लोकसेवा, राष्ट्रभक्ति और मानवता की प्रेरणा का अद्भुत उदाहरण है। लोक सेवक मंडल के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजकुमार चोपडा बताया कि उनके राष्ट्रसेवा एवं लोक-कल्याण के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से लाजपत भवन में उनकी प्रतिमा स्थापित की जा रही है।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal