सोशल मीडिया पर सऊदी में पत्नी को दिया तीन तलाक, कर्नाटक में पुलिस ने किया गिरफ्तार

कर्नाटक के उडुपी में पुलिस ने सोशल मीडिया पर पत्नी को तीन तलाक देने वाले शेख मुहम्मद सलीम को गिरफ्तार कर लिया। वह उडुपी के शिर्वा का रहने वाला है। पुलिस के अनुसार, सलीम की शिर्वा की ही रहने वाली स्वप्नाज के साथ सितंबर, 2010 में शादी हुई थी। वह सऊदी अरब के दम्माम में रह रहा था। दोनों की एक बेटी भी है।

आरोप है कि सलीम का दूसरी महिला के साथ अवैध संबंध है। उसने स्वप्नाज को सऊदी अरब में ही छोड़ दिया और जुलाई में भारत वापस आ गया। बाद में उसने फेसबुक पर एक ऑडियो संदेश पोस्ट कर स्वप्नाज को तीन तलाक दे दिया। स्वप्नाज ने इस बारे में पुलिस को ऑनलाइन शिकायत दी थी। इसके आधार पर शिर्वा थाने में सलीम के खिलाफ मुस्लिम महिला (विवाह पर अधिकारों का संरक्षण) कानून-2019 की धारा चार के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया।

पुलिस को जब यह जानकारी हुई कि सलीम शिर्वा स्थित अपने घर पहुंचा है तो उसे गिरफ्तार कर लिया। सलीम को स्थानीय अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com