सैमसंग गैलेक्सी S26 अल्ट्रा का एक क्लोन फोन 6,500 रुपये में बाजार में आ गया है, जिसका वीडियो इंस्टाग्राम पर वायरल हो रहा है। यह नकली डिवाइस असली जैसा दिखता है, लेकिन इसमें केवल 3GB रैम और 16GB स्टोरेज है। असली गैलेक्सी S26 सीरीज 25 फरवरी को लॉन्च होगी। यह घटना बड़े लॉन्च से पहले नकली फोन की बिक्री के प्रति सतर्क रहने की चेतावनी देती है।
सैमसंग जल्द ही अपनी नई Galaxy S26 सीरीज लॉन्च करने वाला है। इस अगले फ्लैगशिप लाइनअप के स्मार्टफोन्स को लेकर अभी से चर्चाएं जोरों पर हैं। Galaxy S26 सीरीज अगले हफ्ते लॉन्च होगी, लेकिन आधिकारिक लॉन्च से पहले ही सीरीज के हाई एन्ड डिवाइस Galaxy S26 Ultra के नाम से एक क्लोन फोन मार्केट में आ चुका है। हालांकि यह असली डिवाइस नहीं है, बल्कि एक सस्ता क्लोन फोन है, जिसकी कीमत करीब 72 डॉलर यानी लगभग 6,500 रुपये बताई जा रही है। चलिए इसके बारे में विस्तार से जानते हैं…
इंस्टाग्राम पर वीडियो वायरल
दरअसल सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर एक वीडियो इन दिनों तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक शख्स कथित तौर पर Galaxy S26 Ultra का सस्ता वर्जन दिखा रहा है। फोन को पहली नजर में देखने पर ये काफी हद तक असली जैसा लग रहा है।
इसके रियर कैमरा मॉड्यूल का डिजाइन असली वाले फोन के लीक हुए रेंडर्स से काफी ज्यादा मिलता-जुलता है और वॉलपेपर भी कथित आधिकारिक इमेज जैसा ही दिखाई दे रहा है, लेकिन गौर से देखने पर इसकी सच्चाई सामने आ जाती है।
बेहद खराब स्पेसिफिकेशंस से लैस
रिपोर्ट्स के मुताबिक इस क्लोन डिवाइस में सिर्फ 3GB रैम और 16GB इंटरनल स्टोरेज देखने को मिल रही है। ये स्पेसिफिकेशंस आज के एंट्री-लेवल फोन के हिसाब से भी काफी ज्यादा खराब हैं। हालांकि फोन को बेच रहा विक्रेता फोन में 5G सपोर्ट होने का दावा कर रहा है, लेकिन परफॉर्मेंस और यूजर एक्सपीरियंस के मामले में ये डिवाइस असली फ्लैगशिप से कोसों दूर होगा।
इतना ही नहीं इस फोन में न तो सैमसंग का असली सॉफ्टवेयर इकोसिस्टम मिलेगा और न ही इस डिवाइस में Galaxy AI जैसे फीचर्स मिलेंगे। इस क्लोन फोन में कभी सॉफ्टवेयर अपडेट मिलेगा इसकी भी कोई गारंटी नहीं है। इस फोन से आप न ही एडवांस कैमरा प्रोसेसिंग की उम्मीद कर सकते हैं। कुल मिलाकर देखा जाए तो ये सिर्फ एक ऐसा डिवाइस होगा जो हाइप का फायदा उठाने के लिए डिजाइन किया गया है।
लॉन्च से पहले क्लोन मार्केट सक्रिय
ऐसे सस्ते नकली स्मार्टफोन लॉन्च से पहले बाजार में आना कोई नई बात नहीं है। अक्सर लीक और अफवाहों के आधार पर इनके डिजाइन तैयार किए जाते हैं और कम कीमत के लालच में इन्हें बेचा जाता है। दूर से देखने पर ये असली जैसे लग सकते हैं, लेकिन फीचर्स और क्वालिटी में बड़ा अंतर होता है।
Galaxy S26 सीरीज आएगी 25 फरवरी को…
दूसरी तरफ सैमसंग अपनी इस नई Galaxy S26 सीरीज को 25 फरवरी को सैन फ्रांसिस्को में होने वाले Galaxy Unpacked इवेंट के दौरान लॉन्च करेगा। ये इवेंट भारतीय समयानुसार रात 11:30 बजे शुरू होने वाला है। हालांकि 6,500 में बिक रहा Ultra फोन एक बार फिर याद दिला रहा है कि बड़े लॉन्च से पहले नकली डिवाइस कैसे मार्केट में तेजी से बिकने लगते हैं। ऐसे में आपको काफी ज्यादा सतर्क रहने की जरूरत है।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal