सीली हुई नमकीन से किरकिरा हो जाता है चाय का मजा?

बारिश का मौसम हो या फिर गलती से पैकेट का खुला रह जाना, नमकीन का सील जाना बहुत ही आम बात है। शाम की कड़क चाय के साथ जब सीली हुई और नरम नमकीन मुंह में आती है, तो सारा मजा किरकिरा हो जाता है। अक्सर लोग स्वाद खराब होने के कारण ऐसी नमकीन को डस्टबिन में फेंक देते हैं।

बता दें, अब आपको अपनी महंगी और मनपसंद नमकीन को फेंकने की कोई जरूरत नहीं है। आज हम आपको किचन के कुछ ऐसे जादुई और आसान हैक्स बताने जा रहे हैं, जिनसे आपकी नमकीन का क्रंच और स्वाद मिनटों में बिल्कुल नए जैसा हो जाएगा।

माइक्रोवेव का मैजिक
अगर आपके पास माइक्रोवेव है, तो सबसे पहले सीली हुई नमकीन को एक माइक्रोवेव-सेफ प्लेट में अच्छी तरह फैला लें। इसके बाद इसे माइक्रोवेव में रखकर हाई पावर पर 30 से 40 सेकंड के लिए गर्म करें।
ध्यान रहे, नमकीन को बाहर निकालते ही तुरंत न खाएं। उस समय वह थोड़ी नरम लग सकती है। इसे 2-3 मिनट के लिए कमरे के तापमान पर ठंडा होने दें। आप देखेंगे कि ठंडा होते ही इसका कुरकुरापन पूरी तरह वापस आ गया है।

कड़ाही में भूनने का देसी नुस्खा
अगर आपके घर में माइक्रोवेव नहीं है, तो बिल्कुल फिक्र न करें। आपकी गैस और कड़ाही भी यह काम बेहतरीन तरीके से कर सकती है। गैस पर एक भारी तले वाली कड़ाही या पैन रखें और उसे हल्का गर्म होने दें। अब इसमें सीली हुई नमकीन डालें और गैस की आंच को बिल्कुल धीमा कर दें।
इसे लगातार चम्मच से चलाते रहें ताकि नमकीन जले नहीं। लगभग 2 से 3 मिनट तक ऐसे ही भूनें और फिर गैस बंद कर दें। इसे एक प्लेट में निकालें और ठंडा होने दें। आपकी नमकीन एकदम क्रिस्पी हो जाएगी।

रोटियों वाले गर्म तवे का इस्तेमाल
घर में रोटियां या पराठे बनने के बाद तवा काफी देर तक गर्म रहता है। आप तवे की इस बची हुई आंच का बेहद समझदारी से फायदा उठा सकते हैं, वो भी बिना एक्सट्रा गैस जलाए।

रोटियां बनाने के तुरंत बाद गैस बंद कर दें। अब एक साफ स्टील की प्लेट में सीली हुई नमकीन को अच्छी तरह फैला लें और इस प्लेट को उस गरमा-गरम तवे के ऊपर रख दें। फिर इसे 10 से 15 मिनट तक ऐसे ही रखा छोड़ दें।
तवे की गर्माहट प्लेट के जरिए धीरे-धीरे नमकीन तक पहुंचेगी और उसकी सारी नमी को सोख लेगी। जब प्लेट ठंडी हो जाए, तो नमकीन को हटा लें और खाकर देखें। आपकी नमकीन बिना किसी झंझट के फिर से एकदम कुरकुरी हो जाएगी।

बता दें, नमकीन को सीलने से बचाने के लिए, हमेशा पैकेट को खोलने के बाद नमकीन को एक एयरटाइट कंटेनर में ही रखें। अगर आप जार में एक ब्लॉटिंग पेपर या टिश्यू पेपर का छोटा टुकड़ा रख देंगे, तो वह एक्स्ट्रा नमी को सोख लेगा और आपकी नमकीन लंबे समय तक फ्रेश रहेगी।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com