लोकसभा में शुक्रवार को नरेंद्र मोदी सरकार के अविश्वास प्रस्ताव जीतने के बाद उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विपक्ष पर जोरदार हमला बोला है। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के बाद अब सीएम योगी आदित्यनाथ को भी भरोसा है कि मिशन 2019 में भाजपा को बड़ी सफलता मिलेगी। भाजपा उत्तर प्रदेश में 80 में से 73 से अधिक सीट पर जीत दर्ज करेगी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक टीवी चैनल से कहा कि 2019 में सपा व बसपा के साथ ही कांग्रेस की भी चाल नहीं चलेगी। इस बार भी जनता जुगलबंदी नहीं, काम देखेगी। केंद्र में नरेंद्र मोदी सरकार के चार वर्ष के कार्यकाल में आम जनजीवन में काफी परिवर्तन देखने को मिला है। सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज भारत दुनिया की छठी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है। केंद्र सरकार की कई कल्याणकारी योजनाएं चल रही हैं। इसको जनता भी देख रही है। सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 2019 में होने वाले लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में भाजपा 73 सीटों से ज्यादा पर कब्जा करेगी।
योगी आदित्यनाथ ने लोकसभा में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के भाषण और उनके आंख मारने पर भी अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि बात तथ्यों पर हो तो अच्छा होता है। राहुल गांधी के बारे में जो जनता सोचती है वह आज जनता ने देख लिया है। इस गंभीर सदन के भीतर सीट पर जो उनका आचरण था उसको देख कर जनता समझ गई राहुल गांधी क्या हैं।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal