सीएम मोहन के अनोखे अंदाज, सड़क पर केसरिया दूध लिया, मंदिर गए, तिरंगा लहराया

इंदौर में तिरंगा यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सड़क पर रुककर केसरिया दूध पिया, मंदिरों में दर्शन किए और तिरंगा लहराकर लोगों में देशभक्ति का उत्साह भरा। लाखों नागरिकों की मौजूदगी में यह यात्रा देशप्रेम और जोश से सराबोर रही।

इंदौर में आयोजित तिरंगा यात्रा में मुख्यमंत्री मोहन यादव ने अपने अनोखे अंदाजों से सभी का दिल जीत लिया। कभी उन्होंने सड़क पर रुककर केसरिया दूध लिया तो कभी रास्ते में बने मंदिरों में भगवान के दर्शन करने के लिए रुके। इस दौरान उन्होंने इंदौर के लोगों को खूब उत्साहवर्धन किया।

यात्रा में देश भक्ति के तराने प्रस्तुत करते हुए ब्रास बैंड शामिल हुए। अनुसूचित जनजाति समाज की नृत्य मंडली ने भी देश भक्ति गीतों पर पारंपरिक नृत्य की प्रस्तुति दी। सीएम ने भी रास्ते में रुककर गोगादेव मंदिर में दर्शन किए।

मुख्यमंत्री ने मां अहिल्या की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर यात्रा का शुभारंभ किया। भाजपा द्वारा निकाली गई तिरंगा यात्रा के मार्ग पर छोटे-बड़े लगभग 100 से अधिक मंच लगाए गए थे। भाजपा संगठन के सभी 35 मंडलों के कार्यकर्ता, सभी मोर्चे प्रकोष्ठ, सामाजिक संस्थाएं, खेल एवं व्यापारी संगठन, युवा, महिला और औद्योगिक संगठन देशभक्ति के नारों के साथ भाग लिया। बैठक में लिए गए निर्णय अनुसार, विधानसभा क्षेत्रों के अनुसार मंच लगाए गए थे।

महाराष्ट्रियन समाज के लोगों विशेषकर महिलाओं ने पारंपरिक वस्त्रों के साथ नासिक ढोल पर प्रस्तुति दी। यात्रा में महापुरुषों की वेशभूषा में सजे युवा भी आकर्षण का केन्द्र रहे। बड़ी संख्या में सिख समाज के अनुयायी भगवा पगड़ी में शामिल हुए।

यात्रा राजवाड़ा से गांधी हाल तक चली। यात्रा में लाखों नागरिक शामिल हुए। तिरंगा यात्रा के मार्ग पर छोटे-बड़े लगभग 100 से अधिक मंच लगाए गए थे। यात्रा में युवा, छात्र, छात्राएं, एनसीसी के विद्यार्थी, यूथ क्लब, खिलाड़ी विशेष रूप से सम्मिलित हुए। यात्रा के दौरान स्थानीय व्यापारियों ने अपने प्रतिष्ठानों और दुकानों को तिरंगे से सजाया। यात्रा पर पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। विभिन्न समाज, व्यापारी वर्ग, खेल संगठनों, औद्योगिक संगठनों आदि द्वारा मंचों के माध्यम से यात्रा का स्वागत किया गया।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com