सीएम डॉ. यादव बोले- प्रभात झा ने जनीतिक जीवन में मीडिया के साथ आवश्यक समन्वय को हमेशा प्राथमिकता दी

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा समेत दिग्गज नेताओं ने भाजपा के वरिष्ठ नेता प्रभात झा के निधन पर शोक व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वर्गीय प्रभात झा ने अपने राजनीतिक जीवन में मीडिया के साथ आवश्यक समन्वय को हमेशा प्राथमिकता दी।

मध्य प्रदेश के पूर्व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और वरिष्ठ नेता प्रभात झा का गुरुवार सुबह 5 बजे दिल्ली के मेदांता अस्पताल में निधन हो गया। उनके निधन पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा समेत कई दिग्गज नेताओं ने शोक व्यक्त किया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने वरिष्ठ नेता प्रभात झा के निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा, “प्रभात झा एक सजग जनप्रतिनिधि के साथ ही प्रख्यात लेखक और राष्ट्रवादी विचारक भी थे। उन्होंने विभिन्न महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन किया, जिनमें राज्यसभा सदस्य और मध्य प्रदेश भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष की भूमिका महत्वपूर्ण रही।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि झा ने अपने राजनीतिक जीवन में मीडिया के साथ आवश्यक समन्वय को हमेशा प्राथमिकता दी। वे निरंतर अध्ययन करते रहते थे और संगठन को सशक्त बनाने के लिए यादगार सेवाएं दीं। मुख्यमंत्री ने बाबा महाकाल से स्वर्गीय प्रभात झा की आत्मा की शांति और उनके परिजनों, प्रशंसकों और विशाल मित्र समूह को यह दुख सहन करने की शक्ति देने के लिए प्रार्थना की है।

संगठन और समाज के साथ मेरी व्यक्तिगत अपूर्णीय क्षति- तोमर
मध्य प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने भाजपा के वरिष्ठ नेता और मध्य प्रदेश भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व राज्यसभा सदस्य प्रभात झा के निधन पर गहन शोक व्यक्त किया है। तोमर ने कहा, “प्रभात जी का निधन संगठन एवं समाज के साथ ही मेरे लिए व्यक्तिगत रूप से अपूर्णीय क्षति है। हमारे संबंध सदैव अत्यधिक आत्मीय एवं प्रगाढ़ रहे हैं। प्रदेश में संगठन के कार्य करते हुए मैं हमेशा प्रभात जी से चर्चा और सलाह लेता रहा हूं।

प्रभात जी लेखनी के धनी थे और उनके आलेख विचारोत्तेजक होते थे।” तोमर ने राष्ट्र-सेवा में आजीवन समर्पित रहे कर्मठ व्यक्तित्व प्रभात झा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और परिजनों व समर्थकों को यह आघात सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना ईश्वर से की है।

उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन संगठन को समर्पित कर दिया
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा, “प्रभात जी ने अपना संपूर्ण जीवन संगठन के लिए समर्पित कर दिया। मध्य प्रदेश संगठन के विस्तार और उसे सुदृढ़ बनाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही। समय-समय पर मुझे उनका मार्गदर्शन और स्नेह मिलता रहा है। उनका निधन मेरे लिए व्यक्तिगत क्षति है। उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि।”

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com