सावधान! खून के रास्ते आपके दिमाग तक पहुंच रहा है ‘नैनो प्लास्टिक’

आज के समय में प्लास्टिक हमारी जिंदगी का एक अहम हिस्सा बन चुका है। चाहे पानी पीने की बोतल हो, खाने के डिब्बे हों या फिर किसी सामान की पैकिंग- हर जगह प्लास्टिक का ही इस्तेमाल हो रहा है, लेकिन क्या आप जानते हैं कि यही प्लास्टिक धीरे-धीरे टूटकर बेहद छोटे कणों में बदल जाता है?

इन अदृश्य कणों को ‘नैनो प्लास्टिक’ कहा जाता है। ये इतने बारीक होते हैं कि सांस लेने, पानी पीने या भोजन के जरिए बहुत ही आसानी से हमारे शरीर के अंदर दाखिल हो जाते हैं।

सुरक्षा चक्र तोड़कर दिमाग तक पहुंचने का खतरा
सबसे ज्यादा चिंता की बात यह है कि ये नैनो प्लास्टिक केवल हमारे शरीर तक ही सीमित नहीं रहते। ये हमारे खून में घुल जाते हैं और वहां से सफर करते हुए सीधे हमारे दिमाग तक पहुंच सकते हैं (Nanoplastic Exposure and Brain Health)।

हमारे शरीर में दिमाग को सुरक्षित रखने के लिए एक खास परत होती है, जो बाहरी और नुकसानदायक चीजों को अंदर जाने से रोकती है, लेकिन नैनो प्लास्टिक के कण इतने ज्यादा सूक्ष्म होते हैं कि वे इस सुरक्षा परत को भी आसानी से पार कर लेते हैं और दिमाग के अंदर प्रवेश कर जाते हैं।

दिमाग पर क्या हो सकता है असर?
दिल्ली स्थित पीएसआरआई अस्पताल के न्यूरोलॉजी विभाग के निदेशक डॉ. अमिताभ गुप्ता के अनुसार, जब ये कण दिमाग में पहुंच जाते हैं, तो गंभीर समस्याएं पैदा कर सकते हैं। इनकी वजह से दिमाग में सूजन आ सकती है और दिमाग की कोशिकाएं कमजोर पड़ सकती हैं।

इसका सीधा असर इंसान की याददाश्त, सोचने-समझने की क्षमता और उसके रोजमर्रा के व्यवहार पर पड़ सकता है। हालांकि, अभी तक यह पूरी तरह से साबित नहीं हुआ है, लेकिन इस खतरे के स्पष्ट संकेत जरूर मिलने लगे हैं।

कैसे करें अपना और अपने परिवार का बचाव?
इस अनदेखे खतरे को देखते हुए हमें अभी से सतर्क हो जाने की जरूरत है। बचाव के लिए आप कुछ जरूरी कदम उठा सकते हैं:

प्लास्टिक का कम इस्तेमाल: कोशिश करें कि अपनी रोजमर्रा की जिंदगी में प्लास्टिक के सामान का इस्तेमाल कम से कम करें।
गर्म खाने से बचें: भूलकर भी गर्म खाना प्लास्टिक के बर्तनों या डिब्बों में न रखें।
सही बोतल का चुनाव: पानी पीने या रखने के लिए प्लास्टिक की जगह कांच या स्टील की बोतलों का उपयोग करना सेहत के लिए ज्यादा बेहतर है।
साफ भोजन: हमेशा साफ-सुथरा और सेहतमंद भोजन ही खाएं।
थोड़ी-सी जागरूकता और हमारी आदतों में किया गया एक छोटा-सा बदलाव, हमें नैनो प्लास्टिक जैसे गंभीर खतरे से सुरक्षित रख सकता है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com