समृद्धि यात्रा के तहत अररिया पहुंचेंगे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, जिले को देंगे 545 करोड़ की सौगात

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समृद्धि यात्रा के तहत अररिया दौरे पर 545 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं की सौगात देंगे। इस दौरान नए पुलिस लाइन भवन और एएनएम-जीएनएम नर्सिंग संस्थान का उद्घाटन सहित कई परियोजनाओं का शिलान्यास और कार्यारंभ किया जाएगा।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बुधवार को समृद्धि यात्रा के तहत अररिया जिले के दौरे पर पहुंच रहे हैं। इस दौरान वे जिलेवासियों को करीब 545 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास योजनाओं की सौगात देंगे। समृद्धि यात्रा के तहत मुख्यमंत्री विभिन्न जिलों में जाकर विकास योजनाओं का शिलान्यास, उद्घाटन और कार्यारंभ कर रहे हैं, जिससे राज्य के विकास को नई गति देने का प्रयास किया जा रहा है

सुबह 10 बजे अररिया पहुंचेंगे मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री का कार्यक्रम सुबह 10 बजे न्यू पुलिस लाइन (हरियाबाड़ा) से शुरू होगा। यहां वे 54 करोड़ रुपये की लागत से बने अत्याधुनिक पुलिस लाइन भवन का उद्घाटन करेंगे। यह पुलिस लाइन करीब 35 एकड़ क्षेत्र में फैली हुई है, जिसमें प्रशासनिक भवन, प्रशिक्षण केंद्र, अस्पताल, स्कूल, महिला एवं पुरुष बैरक, पारिवारिक आवास, अधिकारियों और कर्मचारियों के आवास तथा चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के लिए भी आवासीय सुविधाएं विकसित की गई हैं। परिसर में मुख्यमंत्री के हेलीकॉप्टर के लिए हेलीपैड भी तैयार किया गया है। इससे जिले की कानून-व्यवस्था और पुलिस सुविधाओं को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

नर्सिंग कॉलेज का भी उद्घाटन करेंगे मुख्यमंत्री
इसके बाद मुख्यमंत्री सड़क मार्ग से अररिया आरएस पहुंचेंगे, जहां वे 29.6 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित एएनएम-जीएनएम प्रशिक्षण संस्थान (नर्सिंग कॉलेज) का उद्घाटन करेंगे। इस संस्थान का शिलान्यास वर्ष 2017 में हुआ था, जो अब बनकर तैयार हो गया है। निर्माण एजेंसी द्वारा एकेडमिक ब्लॉक को हैंडओवर कर दिया गया है और उद्घाटन की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। यहां हर साल लगभग 200 छात्र-छात्राओं को नर्सिंग प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिससे स्वास्थ्य क्षेत्र में स्थानीय युवाओं को रोजगार और करियर के अवसर मिलेंगे।

अररिया कॉलेज स्टेडियम में समीक्षा बैठक करेंगे मुख्यमंत्री
इसके बाद मुख्यमंत्री अररिया कॉलेज स्टेडियम में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करेंगे और जनसंवाद कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए विकास योजनाओं के स्टॉलों का भी निरीक्षण किया जाएगा।

545 करोड़ की योजनाओं में शामिल
मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान कुल 545 करोड़ रुपये की योजनाओं का शिलान्यास, उद्घाटन और कार्यारंभ किया जाएगा। इनमें 330.60 करोड़ रुपये की 6 योजनाओं का शिलान्यास, 157.16 करोड़ रुपये की 60 योजनाओं का उद्घाटन और 58.12 करोड़ रुपये की 2 योजनाओं का कार्यारंभ शामिल है। इन योजनाओं में एक प्रमुख योजना मिल्क चिलिंग प्लांट का नवीकरण भी है, जो अररिया आरएस में स्थित है। वर्तमान में इसकी क्षमता 21 हजार लीटर प्रतिदिन है, जिसे बढ़ाकर 50 हजार लीटर प्रतिदिन किया जाएगा। इस प्लांट से 350 सहकारी समितियों से दूध संग्रह होता है। क्षमता बढ़ने के बाद विभिन्न प्रखंडों में नए दुग्ध संग्रह केंद्र भी खोले जाएंगे, जिससे डेयरी क्षेत्र से जुड़े किसानों और पशुपालकों को सीधा लाभ मिलेगा।

दोपहर 1.30 बजे किशनगंज के लिए रवाना होंगे मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और मुख्य मार्गों पर बैरिकेडिंग की गई है। कार्यक्रम के बाद दोपहर करीब 1:30 बजे बाजार समिति हेलीपैड से मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर द्वारा किशनगंज के लिए रवाना होंगे। मुख्यमंत्री का यह दौरा अररिया जिले में पुलिस, स्वास्थ्य, शिक्षा और डेयरी क्षेत्र के विकास को नई दिशा देने वाला माना जा रहा है, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार, बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com