भारतीय क्रिकेट टीम और श्रीलंका क्रिकेट टीम के बीच 2 टेस्ट मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला 15 अगस्त से गॉल इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा। भारतीय टीम पूरी तरह से इस मैच के लिए तैयार है।
टीम इंडिया ने तीन दिवसीय अभ्यास मैच खेला और जमकर ट्रेनिंग भी की। वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के लिहाज से भारत के लिए यह सीरीज काफी अहम है। ऐसे में टीम इसे जीतने में कोई कसर नहीं छोड़ना चाहेगी। इस बीच आइए जानते हैं कि भारत और श्रीलंका के बीच टेस्ट में हेड टू हेड के आंकड़े क्या कहते हैं।
भारत का पलड़ा भारी
भारत और श्रीलंका के बीच हेड टू हेड की बात करें तो टीम इंडिया का पलड़ा भारी है। हालांकि, गॉल स्टेडियम में भारत के आंकड़े डराने वाले हैं। दोनों टीमों के बीच 1982 से अब तक 46 टेस्ट मैच खेले गए हैं। इस दौरान भारतीय टीम ने 22 मुकाबले अपने नाम किए हैं। वहीं श्रीलंका सिर्फ 7 मैच ही जीत सकी है। 17 मैच ड्रॉ पर समाप्त हुए हैं।
श्रीलंका की धरती पर दोनों टीमों के बीच 24 बार टक्कर हुई है। यहां भी बाजी भारतीय टीम ने मारी है। भारत ने श्रीलंका में उनके खिलाफ ही 9 मैच पर कब्जा जमाया है। वहीं श्रीलंका ने 7 मैच जीते हैं और 8 मैच ड्रॉ रहे हैं।
गॉल में आंकड़े
अब गॉल इंटरनेशनल स्टेडियम की बात करें तो इस ग्राउंड पर भारत और श्रीलंका के बीच 5 टेस्ट मैच खेले गए हैं। यहां भारतीय टीम संघर्ष करती नजर आती है। टीम इंडिया गॉल में 2 टेस्ट मैच ही अपने नाम कर पाई है। दूसरी ओर मेजबाज टीम ने इस मैदान पर 3 टेस्ट जीते हैं। भारत ने 2017 में इस मैदान पर आखिरी टेस्ट खेला था। विराट कोहली की कप्तानी वाली टीम ने यह मैच 304 रन से अपने नाम किया था।
गॉल में भारत का श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट प्रदर्शन
14 अगस्त 2001: श्रीलंका 10 विकेट से जीता।
31 जुलाई 2008: भारत 170 रन से जीता।
18 जुलाई 2010: श्रीलंका 10 विकेट से जीता।
12 अगस्त 2015: श्रीलंका 63 रन से जीता।
26 जुलाई 2017: भारत 304 रन से जीता।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal