शुगर नॉर्मल होने पर भी दिनभर बनी रहती है थकान? हो सकते हैं ये 5 कारण जिम्मेदार

ब्लड शुगर लेवल बढ़ने का एक सबसे कॉमन लक्षण थकान मानी जाती है, लेकिन कई बार शुगर लेवल रिपोर्ट एकदम सामान्य होने के बावजूद व्यक्ति दिन भर भारीपन और कमजोरी महसूस करता है। अगर आप भी इस स्थिति से गुजर रहे हैं, तो समझ लें कि शरीर आपको कुछ और संकेत देने की कोशिश कर रहा है।

शुगर लेवल नॉर्मल होने पर भी लगातार थकान महसूस होने के पीछे कई शारीरिक और मानसिक कारण हो सकते हैं। आइए इन कारणों के बारे में जानते हैं।

एनीमिया
थकान का सबसे आम कारण शरीर में हीमोग्लोबिन की कमी होना है। जब ब्लड में आयरन या विटामिन-बी12 की कमी होती है, तो शरीर के अंगों तक सही मात्रा में ऑक्सीजन नहीं पहुंच पाती। इसके कारण व्यक्ति को छोटे-मोटे कामों में भी थकान महसूस होने लगती है। भारत में महिलाओं और शाकाहारी लोगों में यह समस्या काफी देखी जाती है।

थायरॉइड की समस्या
थायरॉइड ग्लैंड हमारे शरीर के मेटाबॉलिज्म को कंट्रोल करती है। अगर आपको हाइपोथायरायडिज्म है, तो आपकी ग्लैंड जरूरी मात्रा में हार्मोन नहीं बना पाती। ऐसी स्थिति में शुगर लेवल तो ठीक रह सकता है, लेकिन आपका शरीर सुस्त पड़ जाता है और मांसपेशियों में दर्द व थकान बनी रहती है।

विटामिन-डी और बी12 की कमी
आजकल की इनडोर लाइफस्टाइल के कारण शरीर में विटामिन-डी की भारी कमी देखी जा रही है। यह विटामिन हड्डियों के साथ-साथ एनर्जी के स्तर के लिए भी जरूरी है। वहीं, विटामिन-बी12 की कमी के कारण भी थकान महसूस हो सकती है। इन दोनों माइक्रोन्यूट्रिएंट्स की कमी शरीर को भीतर से खोखला और थका हुआ महसूस कराती है।

तनाव और मानसिक स्वास्थ्य
शरीर और मन एक-दूसरे से जुड़े हैं। ज्यादा मानसिक तनाव, चिंता या डिप्रेशन शरीर की पूरी एनर्जी सोख लेते हैं। जब आप मानसिक रूप से थके होते हैं, तो शरीर में कोर्टिसोल हार्मोन का स्तर बढ़ जाता है, जो शारीरिक थकान के रूप में सामने होता है। इसे मेंटल फटीग कहा जाता है।

नींद की गुणवत्ता और डिहाइड्रेशन
क्या आप 7-8 घंटे सो रहे हैं, लेकिन फिर भी थकान है? हो सकता है आपकी नींद की गुणवत्ता सही न हो। स्लीप एपनिया जैसी समस्याओं में रात को सांस लेने में रुकावट आती है, जिससे सुबह सोकर उठने के बाद भी शरीर थका रहता है। इसके अलावा, पानी की कमी के कारण भी थकान महसूस होती है।

क्या करें?
अगर शुगर नॉर्मल होने के बाद भी थकान नहीं जा रही, तो-

फुल बॉडी चेकअप- थायराइड, आयरन प्रोफाइल और विटामिन लेवल्स की जांच करवाएं।
खान-पान पर ध्यान- अपने खाने में प्रोटीन, हरी सब्जियां खाएं और भरपूर मात्रा में पानी पिएं।
फिजिकल एक्टिविटी- हल्की एक्सरसाइज शरीर में एंडोर्फिन बढ़ाती है और थकान दूर करती है।
कैफीन कंट्रोल- बहुत ज्यादा चाय या कॉफी पीने से एनर्जी का स्तर अचानक गिर सकता है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com