मुंबई। पिछले दिनों ही नक्सलियों के पास से बरामद एक पत्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमले की साजिश का खुलासा हुआ था। इसके बाद उनकी सुरक्षा की समीक्षा भी की गई थी। अब इस बार फिर से उन पर हमले की धमकी का मामला सामने आया है जिसके बाद पुसिल ने आरोपी शख्स को गिरफ्तरा कर लिया है।

22 वर्षीय युवक पर राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (एनएसजी) के नियंत्रण कक्ष में धमकी भरा फोन करने का भी आरोप है। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि सिक्योरिटी गार्ड के तौर पर काम करने वाले काशीनाथ मंडल को डी बी मार्ग पुलिस ने 27 जुलाई को गिरफ्तार किया।

कैमिकल अटैक की धमकी

पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपी काशीनाथ ने नई दिल्ली स्थित एनएसजी नियंत्रण कक्ष का फोन नंबर हासिल किया और शुक्रवार को वहां फोन करके प्रधानमंत्री पर रासायनिक हमले की धमकी दी।

नंबर ट्रैस करने पर मिली जानकारी

पुलिस ने नंबर ट्रैस किया, तो पता चला यह मुंबई का है। जिसके बाद मुंबई पुलिस को कॉल की जानकारी दी गई। अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने झारखंड निवासी काशीनाथ मंडल का पता लगाया, जो मुंबई में वालकेश्वर इलाके की एक झुग्गी में रह रहा था। पुलिस ने उसे मुंबई सेंट्रल रेलवे स्टेशन से उस समय गिरफ्तार किया, जब वह सूरत जाने वाली एक ट्रेन में चढ़ने वाला था।

आरोपी मंडल का नक्सली कनेक्शन

पुलिस पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि हाल ही में झारखंड में एक नक्सली हमले में उसका दोस्ता मारा गया था। इसी संबंध में वह प्रधानमंत्री से मिलना चाहता था।

पुलिस हिरायत में भेजा गया मंडल

गिरफ्तारी के बाद आरोपी को अदालत में पेश किया गया। जिसके बाद उसे पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है। अधिकारी ने बताया कि काशीनाथ को सोमवार को स्थानीय अदालत में पेश किया जाएगा। उसके खिलाफ आइपीसी की धारा 505 (1) और (2) और धारा 182 में मामला दर्ज किया गया है।