व्हाइट हाउस के बाहर हमलावर और सुरक्षाबलों में मुठभेड़

अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन में मंगलवार दोपहर नेशनल मॉल के पास एक हथियारबंद संदिग्ध और सीक्रेट सर्विस के बीच हुई हिंसक झड़प के बाद व्हाइट हाउस को कुछ समय के लिए ‘लॉकडाउन’ पर रखा गया। हथियारबंद संदिग्ध द्वारा सुरक्षाकर्मियों पर फायरिंग किए जाने के बाद जवाबी कार्रवाई में उसे गोली मार दी गई, जबकि क्रॉसफायर की चपेट में आने से एक किशोर राहगीर भी घायल हो गया।

दरअसल, यह घटना दोपहर करीब 3:30 बजे हुई, जब व्हाइट हाउस परिसर की बाहरी सीमा पर गश्त कर रहे सादे कपड़ों में मौजूद सीक्रेट सर्विस के कर्मियों ने एक संदिग्ध व्यक्ति की पहचान की, जिसके पास हथियार होने का अंदेशा था।

कुछ दूर भागने के बाद चलाई गोली
डिप्टी डायरेक्टर मैट क्विन ने बताया कि हथियारबंद संदिग्ध से निपटने के लिए वर्दीधारी अधिकारियों को बुलाया गया। इस दौरान संदिग्ध कुछ दूर पैदल भागा और हथियार निकाला और हमारे एजेंटों और अधिकारियों की ओर गोली चला दी।

इस दौरान सुरक्षाकर्मयों ने जवाबी गोलीबारी की और उससे भिड़ गए। उस व्यक्ति को गोली लगी। संदिग्ध को अस्पताल ले जाया गया, हालांकि अधिकारियों ने कहा कि उसकी हालत पर उनकी कोई टिप्पणी नहीं है। इस गोलीबारी के दौरान एक राहगीर को भी गोली लगी है। अधिकारियों के अनुसार, राहगीर को संदिग्ध ने ही गोली मारी थी।

यह गोलीबारी व्हाइट हाउस से कुछ ही दूरी पर स्थित 15वीं स्ट्रीट और इंडिपेंडेंस एवेन्यू के पास हुई। सीक्रेट सर्विस के एजेंटों ने बताया कि संदिग्ध कुछ समय से उनकी निगरानी में था, गोलीबारी के बाद, सीक्रेट सर्विस ने व्हाइट हाउस के नॉर्थ लॉन पर मौजूद पत्रकारों को अंदर जाने का आदेश दिया।

लगाना पड़़ा लॉकडाउन
इस दौरान कुछ ही मिनटों में लॉकडाउन हटा लिया गया, और राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने ईस्ट रूम के अंदर पहले से निर्धारित एक छोटे व्यवसाय से जुड़े कार्यक्रम को जारी रखा। ट्रंप ने सीधे तौर पर इस गोलीबारी का जिक्र नहीं किया, लेकिन उन्होंने अपनी टिप्पणी का इस्तेमाल राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था को उजागर करने के लिए किया।

यह घटना उस समय हुई जब उपराष्ट्रपति जेडी वेंस का काफिला पास के इलाके से गुजरा था, हालांकि अधिकारियों ने राष्ट्रपति या उपराष्ट्रपति को सीधे तौर पर निशाना बनाए जाने की पुष्टि नहीं की है।

सीक्रेट सर्विस ने पुष्टि की कि घटनास्थल से एक हथियार बरामद किया गया है और कहा कि मेट्रोपॉलिटन पुलिस विभाग बल प्रयोग की घटना की जांच का नेतृत्व करेगा।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com