विराट कोहली के वीडियो देख निखारी बैटिंग, फिर भारत में आकर टीम इंडिया का किया बंटाधार
हाल ही में ऑस्टेलिया-ए ने तीन मैचों की वनडे सीरीज में इंडिया-ए को 2-1 से हरा दिया। इस सीरीज में नाथन मैक्स्वानी सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे। तीन पारियों में उनके बल्ले से 194 रन निकले। मैक्स्वानी ने भारत दौरे के लिए खास तैयारी की थी। उन्होंने विराट कोहली के वीडियो देखे थे। इस बल्लेबाज ने सीरीज के बाद यह खुलासा किया।
मैक्स्वानी ने इंडिया-ए के खिलाफ 64.66 की औसत से रन बनाए। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 83.62 का रहा। ये रन उन्होंने पुडुचेरी की उस पिच पर बनाए जो बल्लेबाजों के लिए आसान नहीं थी।
स्पिन के खिलाफ की थी तैयारी
मैक्स्वानी ने कहा है कि उन्होंने भारत दौरे पर आने से पहले स्पिन खेलने की तैयारी की थी। उन्होंने ब्रॉडकास्टर को दिए इंटरव्यू में बताया कि भारत की स्पिन की मददगार पिचों के लिए इन्होंने तैयारी की थी और इसके लिए कोहली, स्टीव स्मिथ जैसे खिलाड़ियों के वीडियो देखे थे।
उन्होंने कहा, “भारत आते हुए, एक ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी के तौर पर मेरा ध्यान स्पिन पर था। आप स्पिन को खेलने की कोशिश करते हैं, कड़ी मेहनत करते हैं और सभी महान खिलाड़ियों को देखते हैं कि वह कैसे स्पिन खेल रहे हैं। विराट कोहली को यूट्यूब पर देखा। स्टीव स्मिथ और बाकी ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों को भी देखा कि वह स्पिन को कैसे खेलते हैं। मैंने काफी एनालिसिस किया था इसलिए मैदान पर उसे लागू कर अच्छा लग रहा है।”
काफी मुश्किल है भारत में खेलना
मैक्स्वानी ने माना कि भारत में बल्लेबाजी करना काफी मुश्किल है। वह स्पिनरों के खिलाफ पहले ही मैच से स्वीप खेलते हुए, आगे निकलकर मारते हुए नजर आए थे। उन्होंने कहा, “मैं यहां आकर और बल्लेबाजी में अच्छा करते हुए खुश हूं। भारत में सीरीज जीतना शानदार है। यहां आकर खेलना मुश्किल है औ वो भी इतने मुश्किल प्रतिद्वदी के खिलाफ। हमारी टीम के खिलाड़ियों का शुक्रिया। सीरीज जीतना शानदार है।”
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal