‘वादा करके धोखा दिया’, ईरान के विदेश मंत्री ने ट्रंप पर निकाली भड़ास

ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कहा कि अमेरिका के साथ बातचीत हमेशा के लिए खत्म हो गई है। उन्होंने कहा कि आश्वासन दिया गया था कि ईरान पर कोई भी सैन्य कार्रवाई नहीं की जाएगी और अमेरिका ने धोखा दिया है।

एक्स पर जारी एक वीडियो में अराघची ने कहा, “अमेरिकियों के साथ बातचीत हमेशा के लिए खत्म हो गई है… कोई हमला न करने के वादों के बाद यह एक कड़वा अनुभव और विश्वासघात है!” उन्होंने आगे कहा कि इन घटनाक्रमों ने तेहरान और वॉशिंगटन के बीच बची हुई कूटनीतिक गुंजाइश को भी खत्म कर दिया है।

‘वादा करके धोखा दिया’

अराघची ने कहा, “अब अमेरिकियों के साथ बातचीत की कोई गुंजाइश नहीं बची है। उन्होंने हमला न करने का वादा करके हमें धोखा दिया और बातचीत में काफी प्रगति होने के बाद भी, उन्होंने हम पर हमला करने का ही फैसला किया।”

इस अनुभव को भरोसे के लिए बेहद नुकसानदेह बताते हुए उन्होंने आगे कहा, “यह अनुभव अत्यंत कड़वा है और भरोसे का तो नामोनिशान भी नहीं है। क्षेत्रीय युद्ध ने कूटनीति के दरवाजे हमेशा के लिए बंद कर दिए हैं!”

मिडिल-ईस्ट में हमलों की धमकी

न्यूज एजेसी एपी के अनुसार, मिडिल-ईस्ट में युद्ध के चौथे सप्ताह में प्रवेश करने के साथ ही अमेरिका और ईरान दोनों ने ही महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचों को निशाना बनाने की धमकी दे रहे हैं, जिससे नागरिकों की सुरक्षा और आर्थिक व्यवधान को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं।

ईरान ने चेतावनी दी है कि अगर अमेरिका ने ईरानी बिजली संयंत्रों पर हमला करने की अपनी धमकियों को अंजाम दिया तो होर्मुज स्ट्रेट को पूरी तरह से बंद कर दिया जाएगा। इससे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने ईरान के बिजली संयंत्रों पर हमला करने की धमकी दी थी। उन्होंने कहा कि तेहरान होर्मुज स्ट्रेट को फिर से नहीं खोलता है तो वह तबाही मचा देंगे।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com